home page

रेलवे ट्रैक किनारे पेड़ से लटका मिला युवक का शव, शिनाख्त की हाे रही काेशिश

 | 
रेलवे ट्रैक किनारे पेड़ से लटका मिला युवक का शव, शिनाख्त की हाे रही काेशिश


कानपुर, 09 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद कानपुर के चकेरी थाना क्षेत्र के अहिरवां गांव में रविवार को रेलवे ट्रैक किनारे पेड़ से एक युवक का शव लटका मिला। ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलने पर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मृतक की पहचान नहीं हो सकी है।

ग्रामीणों ने बताया कि रविवार सुबह उन्होंने देखा कि रेलवे ट्रैक के किनारे एक पेड़ पर करीब 30 वर्षीय युवक का शव लटका दिखाई दिया। इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी। कुछ ही देर में मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने शव को पेड़ से नीचे उतरवाकर घटनास्थल की जांच के साथ आसपास रहने वाले लोगों से पूछताछ की गई, लेकिन मृतक के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल सकी। पुलिस ने उसकी पहचान कराने के लिए आसपास के थानों से भी संपर्क किया है।

पुलिस के अनुसार युवक के पास ऐसा कोई दस्तावेज नहीं मिला, जिससे उसकी तत्काल पहचान हो सके। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि युवक अहिरवां गांव में कैसे पहुंचा। उसकी मौत के कारणों की भी जांच की जा रही है। थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्र ने बताया कि शव की पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगी। पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप