home page

गेहूं की नरही में आग लगने से 25 बीघा फसल जलकर राख

 | 
गेहूं की नरही में आग लगने से 25 बीघा फसल जलकर राख


औरैया, 24 अप्रैल (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में बिधूना तहसील क्षेत्र स्थित कैथावा और ग्राम रायपुर मौजा में शुक्रवार को अचानक गेहूं की नरही (फसल अवशेष) में आग लग गई। अज्ञात कारणों से लगी इस आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया और लगभग 25 बीघा खेतों को अपनी चपेट में ले लिया। इस घटना से किसानों को भारी नुकसान हुआ है।

प्रभावित किसानों में रायपुर निवासी अनिल कुमार, बालक राम, बाबूलाल तथा कैथावा गांव के सुनील, गोविंद और भगवान दास के खेत शामिल हैं, जिनकी कटाई के बाद बची नरही जलकर राख हो गई। आग लगने की सूचना मिलते ही आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने के प्रयास शुरू किए। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद किसी तरह आग पर काबू पाया, जिससे और अधिक नुकसान होने से बच गया।

सूचना मिलने पर डायल 112 पुलिस टीम, फायर ब्रिगेड और बेला थाना के हल्का प्रभारी अनिलेश कुमार मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। वहीं क्षेत्रीय लेखपाल अंकित अग्रवाल भी घटनास्थल पर पहुंचे और नुकसान का आकलन किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार