home page

हेल्थकेयर में करियर के बढ़ते अवसरों को समझना जरूरी : डॉ. राहुल पाल

 | 
हेल्थकेयर में करियर के बढ़ते अवसरों को समझना जरूरी : डॉ. राहुल पाल


कानपुर, 21 (हि.स.)। हेल्थकेयर सेक्टर तेजी से विस्तार कर रहा है और इसमें प्रशिक्षित प्रोफेशनल्स की मांग लगातार बढ़ रही है। विद्यार्थियों को समय रहते सही दिशा और जानकारी मिलना बेहद जरूरी है। मास्टर ऑफ हॉस्पिटल एडमिनिस्ट्रेशन जैसे कोर्स उन्हें बेहतर करियर विकल्प दे सकते हैं। अस्पताल प्रबंधन आज एक उभरता हुआ क्षेत्र बन चुका है। सही मार्गदर्शन से छात्र इस क्षेत्र में सफल भविष्य बना सकते है। यह बातें मंगलवार को डॉ. राहुल पाल ने कही।

छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) के स्कूल ऑफ लाइफ साइंसेज एंड बायोटेक्नोलॉजी (एसएलएसबीटी) में “हेल्थकेयर में करियर अवसर” विषय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक एवं प्रो-कुलपति प्रो. सुधीर कुमार अवस्थी के मार्गदर्शन में सम्पन्न हुआ।

सत्र का उद्देश्य विद्यार्थियों को हेल्थकेयर क्षेत्र में उपलब्ध करियर संभावनाओं, विशेष रूप से मास्टर ऑफ हॉस्पिटल एडमिनिस्ट्रेशन (एमएचए) कार्यक्रम के प्रति जागरूक करना रहा। स्कूल ऑफ बिजनेस मैनेजमेंट के सहायक प्रोफेसर डॉ. राहुल पाल और रीजेंसी इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग के प्रतिनिधि ने अस्पताल प्रबंधन, हेल्थकेयर सिस्टम और भविष्य की संभावनाओं पर विस्तार से जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि बदलते समय में हेल्थकेयर सेक्टर में कुशल प्रबंधकों की मांग तेजी से बढ़ रही है, जिससे इस क्षेत्र में रोजगार के व्यापक अवसर उपलब्ध हैं।

कार्यक्रम का समन्वय डॉ. आलोक पांडेय ने किया, जबकि आयोजन डॉ. अनुराधा कलानी के निर्देशन में सम्पन्न हुआ। करीब 60 विद्यार्थियों ने भाग लेकर सक्रिय सहभागिता दिखाई और विभिन्न प्रश्नों के माध्यम से अपनी जिज्ञासाएं रखीं।

इस अवसर पर डॉ. विनोद कुमार वर्मा, डॉ. एकता खरे एवं डॉ. अखिलेंद्र सहित अन्य संकाय सदस्य उपस्थित रहे। अंत में विद्यार्थियों ने कार्यक्रम को उपयोगी बताते हुए आयोजकों का आभार जताया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मो0 महमूद