सेवा संकल्प अभियान के तहत एक माह तक होंगे जनसेवा के कार्यक्रम : अजय कपूर
कानपुर, 23 सितंबर (हि.स.)। सेवा केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज के प्रति निरंतर जिम्मेदारी और संवेदनशीलता का भाव है। इसी उद्देश्य से सेवा संकल्प अभियान के तहत पूरे एक माह तक अलग-अलग क्षेत्रों में जनसेवा के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद लोगों को प्रत्यक्ष लाभ मिल सके। यह बातें बुधवार को वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व विधायक अजय कपूर ने पत्रकार वार्ता के दौरान कही।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने और उनके जन्मदिन के उपलक्ष्य में सेवा एवं जनकल्याण की भावना को समर्पित सेवा संकल्प अभियान शुरू किया जा रहा है। अभियान अजय कपूर के नेतृत्व में संचालित होगा। इसके तहत समाज के जरूरतमंद, वंचित और कमजोर वर्गों तक सेवा का लाभ पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
अभियान के दौरान नेत्र परीक्षण शिविर, मोतियाबिंद के ऑपरेशन और चश्मा वितरण के साथ स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएंगे। इसके अलावा गंगा आरती, स्वच्छता अभियान और वृक्षारोपण जैसे कार्यक्रम भी होंगे। गरीब और जरूरतमंद लोगों को भोजन वितरण, वृद्धाश्रम में बुजुर्गों की सेवा तथा अस्पतालों में मरीजों को फल वितरित किए जाएंगे।
महिला सशक्तीकरण कार्यक्रमों के साथ जरूरतमंद बच्चों को शिक्षण सामग्री का वितरण, दिव्यांगजनों को उनकी आवश्यकता के अनुसार उपयोगी सामान उपलब्ध कराने, वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान और गोसेवा सहित अन्य सेवा कार्य भी आयोजित किए जाएंगे।
अजय कपूर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने सार्वजनिक जीवन में जनसेवा और जनकल्याण को प्राथमिकता दी है। उनके जन्मदिन को सेवा और सामाजिक सरोकार से जोड़ना समाज के प्रति जिम्मेदारी का प्रतीक है। उनके सेवा भाव से प्रेरणा लेकर अभियान को अधिक से अधिक जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने कार्यकर्ताओं और समाज के सभी वर्गों से अभियान में सक्रिय सहभागिता की अपील करते हुए कहा कि जरूरतमंद की मदद करना ही सच्ची जनसेवा है। सामूहिक प्रयासों से सेवा के इस संकल्प को व्यापक रूप दिया जा सकता है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

