home page

अवैध अल्ट्रासाउंड सेंटर पर छापा, बिना पंजीकरण चल रहा केंद्र सील

 | 
अवैध अल्ट्रासाउंड सेंटर पर छापा, बिना पंजीकरण चल रहा केंद्र सील


अवैध अल्ट्रासाउंड सेंटर पर छापा, बिना पंजीकरण चल रहा केंद्र सील


बरेली, 04 अप्रैल (हि.स.)। बरेली में अवैध रूप से चल रहे अल्ट्रासाउंड सेंटरों के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। डीएम अविनाश सिंह और सीएमओ डॉ. विश्राम सिंह के निर्देश पर गठित टीम ने शहर और देहात के कई सेंटरों पर छापेमारी कर दस्तावेजों की जांच की। कार्रवाई की भनक लगते ही कई सेंटर संचालकों में हड़कम्प मच गया।

डिप्टी सीएमओ डॉ. लईक अहमद अंसारी के नेतृत्व में टीम सबसे पहले बहेड़ी क्षेत्र पहुंची। यहां हिंद अल्ट्रासाउंड सेंटर की जांच के दौरान गंभीर अनियमितता सामने आई। संचालक टीम को सेंटर का पंजीकरण प्रमाण पत्र और अन्य जरूरी कागजात नहीं दिखा सके। इस पर टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सेंटर को मौके पर ही सील कर दिया।

स्वास्थ्य विभाग ने सेंटर संचालक को तीन दिन के भीतर सभी जरूरी दस्तावेज पेश करने का नोटिस दिया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि यदि तय समय में संतोषजनक जवाब नहीं मिला तो संचालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।

टीम ने इसके अलावा कुंडरा कोठी स्थित मन्नत अल्ट्रासाउंड सेंटर, जीवन ज्योति अल्ट्रासाउंड सेंटर और रिछा क्षेत्र के हर्ष कला अल्ट्रासाउंड सेंटर का भी निरीक्षण किया। बहेड़ी में ग्लोबल, यूनिक, अरोरा, नियाजी और विद्या अल्ट्रासाउंड सेंटरों की भी जांच की गई।

छापेमारी के दौरान मैक्स अल्ट्रासाउंड और लाइफ लाइन अल्ट्रासाउंड सेंटर बंद मिले। इस पर अधिकारियों ने नाराजगी जताते हुए संचालकों को कारण बताने के निर्देश दिए हैं।

डिप्टी सीएमओ डॉ. लईक अहमद अंसारी ने कहा कि जिले में बिना पंजीकरण या नियमों के विपरीत चल रहे किसी भी अल्ट्रासाउंड सेंटर को बख्शा नहीं जाएगा। सभी संचालकों को शासन की गाइडलाइन के अनुसार सेंटर संचालित करने होंगे। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस अभियान में राहुल शर्मा, राजेश कुमार और विपिन कुमार भी शामिल रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / देश दीपक गंगवार