उत्तराखंड मंत्रिमंडल के विभागों का पुनर्वितरण, स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग सुबाेध उनियाल काे मिला
-मुख्यमंत्री ने वित्त, गृह समेत अहम विभाग अपने पास रखे
देहरादून, 22 मार्च (हि.स.)। उत्तराखंड सरकार ने मंत्रिमंडल के विभागों का पुनर्वितरण करते हुए इसकी अधिसूचना जारी कर दी है। नये आवंटन में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वित्त, गृह विभाग सहित कई महत्वपूर्ण विभाग अपने पास रखे हैं। इस पुनर्वितरण में चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्रालय का कार्यभार डाॅ धन सिंह रावत से लेकर सुबाेध उनियाल काे साैंपा गया है।
राज्यपाल ने मुख्यमंत्री की सलाह पर उत्तराखंड कार्य (बंटवारा) नियमावली, 2003 के तहत मंत्रियाें के विभागाें के पुनर्वितरण की अधिसूचना जारी कर दी। इसके साथ ही 29 मार्च 2022, 1 मई 2023 और 17 मार्च 2025 की पूर्व अधिसूचनाओं काे निरस्त कर दिया गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वित्त, गृह, राजस्व, औद्योगिक विकास, ऊर्जा, आवास, पेयजल, श्रम, आबकारी, न्याय, नागरिक उड्डयन, सूचना, कार्मिक एवं सतर्कता सहित 18 महत्वपूर्ण विभाग अपने पास रखे हैं। इसके अलावा जिन विभागाें का आवंटन किसी कैबिनेट मंत्री को नहीं किया गया है, वे मुख्यमंत्री के पास रहेंगे।
नई अधिसूचना के अनुसार सतपाल महाराज को लोक निर्माण, ग्रामीण निर्माण, पर्यटन, सिंचाई, संस्कृति एवं सामान्य प्रशासन विभाग सौंपे गए हैं।
गणेश जोशी को कृषि एवं कृषक कल्याण के साथ सैनिक कल्याण की जिम्मेदारी दी गई है। डॉ. धन सिंह रावत को विद्यालयी शिक्षा (बेसिक एवं माध्यमिक), संस्कृत शिक्षा, उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा एवं सहकारिता विभाग दिए गए हैं। इस बार मंत्री धन सिंह रावत से चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग वापस लेकर सुबोध उनियाल को साैंपा गया है। सुबाेध काे वन, निर्वाचन, विधायी एवं संसदीय कार्य सौंपा गया है।
इसके अलावा रेखा आर्य को महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, खेल एवं युवा कल्याण विभाग दिए गए हैं। सौरभ बहुगुणा को पशुपालन, दुग्ध विकास, मत्स्य पालन, गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग, प्रोटोकॉल तथा कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग आवंटित किए गए हैं। खजान दास को समाज कल्याण, अल्पसंख्यक कल्याण, छात्र कल्याण एवं भाषा विभाग दिए गए हैं, जबकि भरत सिंह चौधरी को ग्राम्य विकास, लघु, सूक्ष्म एवं मध्यम उद्यम व खादी एवं ग्रामोद्योग विभाग सौंपे गए हैं। मदन कौशिक को पंचायतीराज, आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास, आयुष एवं आयुष शिक्षा, पुनर्गठन एवं जनगणना विभाग दिए गए हैं। प्रदीप बत्रा को परिवहन, सूचना प्रौद्योगिकी, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी व जैव प्रौद्योगिकी विभाग आवंटित किए गए हैं। राम सिंह कैड़ा को शहरी विकास, पर्यावरण संरक्षण एवं जलवायु परिवर्तन औए जलागम प्रबंधन विभाग सौंपे गए हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

