वाराणसी : गंगा नदी में बहकर आए शिवलिंग के दर्शन को जुटी भीड़, लोग कह रहे चमत्कार
वाराणसी, 08 जून (हि. स.)। वाराणसी में डोमरी क्षेत्र के मोदी घाट पर सोमवार को गंगा नदी से निकले शिवलिंग के दर्शन के लिए भीड़ जुटी रही। दो फीट ऊंची शिवलिंग के दर्शन के लिए पहुंचें लोगों ने इसे चमत्कार बताया कि गंगा नदी में बहते हुए यह शिवलिंग मोदी घाट पर नाविकों को मिला है।
दर्शन करने पहुंचे रामकृष्ण ने कहा कि डोमरी में शिवलिंग मिलने की जानकारी होने पर वह दर्शन के लिए आए हैं। मौके पर बने चबूतरा पर शिवलिंग रखा गया है और यहीं पर स्थानीय लोग दर्शन पूजन कर रहे हैं। वह करीब दस किलोमीटर दूर से वहां दर्शन के लिए पहुंचें। उन्होंने परिवार की सुख समृद्धि के लिए प्रार्थना की है।
स्थानीय नागरिक विजय यादव ने कहा कि वर्तमान में स्वयं से बहकर आए शिवलिंग की महिमा सुनकर वह यहां पहुंचे हैं। उन्होंने श्रद्धा अर्पित किया है और यहां लोगों से सुनकर वह भी इसे चमत्कार ही मान रहे हैं। उनकी इच्छा है कि मौके पर ही एक मंदिर का निर्माण हो और उसमें शिवलिंग की प्राण प्रतिष्ठा हो जाए।
शिवलिंग के बहकर के आने की सूचना के बाद से रामनगर थाना की पुलिस भी मौके पर सक्रिय हो गई है। प्रभारी निरीक्षक के निर्देश पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए दो सिपाही मौके पर ही तैनात कर दिए गए हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / शरद

