home page

वाराणसी से चंदौली को जोड़ने वाले राजघाट पुल की होगी रात्रि मरम्मत, स्कूलों को होगी परेशानी

 | 
वाराणसी से चंदौली को जोड़ने वाले राजघाट पुल की होगी रात्रि मरम्मत, स्कूलों को होगी परेशानी


वाराणसी, 11 जून (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी में राजघाट पुल को 14 जून से दो माह तक रात्रि मरम्मत के लिए बंद किया जाएगा। देर रात तक मरम्मत होने के बाद चंदौली को वाराणसी से जोड़ने वाले राजघाट पुल को आवागमन के लिए प्रातः काल छह बजकर 30 मिनट पर सुबह खोला जायेगा। जिससे सुबह सात बजे संचालित होने वाले ज्यादातर स्कूलों को अपने बस अथवा ट्रांसपोर्ट वाहन निकालने में बेहद परेशानी होगी।

वाराणसी में सुबह के स्कूलों में पढ़ने जाने वाले बच्चों को स्कूल तक पहुंचाने के लिए सुबह छह बजे से ही बस दौड़ने लगती हैं। ऐसे में पड़ाव, डुमरी, रामनगर, सुजाबाद, मुगलसराय जैसे प्रमुख स्थानों से बच्चों को स्कूल की बसों से वाराणसी शहर तक लाया जाता है। बड़े नामचीन स्कूलों की बसों को राजघाट पुल से होकर के ही गुजरना पड़ता है।

वाराणसी के एक बड़े निजी स्कूल से जुड़े जितेंद्र ने कहा कि टाइम से स्कूल पहुंच जाने वाली बसें राजघाट पुल होकर के अब नहीं आएगी। स्कूल की बसों को यातायात पुलिस की योजना के अनुसार दूसरे रूट से लाना पड़ेगा। इसके लिए बसों के तय मार्ग को भी थोड़ा सा बदलना पड़ेगा। सभी निजी स्कूल की समितियां इस पर आपस में वार्ता कर रही हैं।

वही, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त अंशुमान मिश्रा ने बताया कि 14 जून से 13 अगस्त तक रात में दस से सुबह छह बजकर 30 तक राजघाट पुल बंद रहेगा। पुल के बंद करने का मुख्य कारण उसकी मरम्मत है। इस दौरान पड़ाव से ही विश्व सुंदरी पुल के लिए वाहनों को मोड़ दिया जाएगा। विश्व सुंदरी पुल के लिए जाने वाले मार्ग पर जाम की समस्या ना हो, इसके लिए अतिरिक्त यातायात पुलिस कर्मियों को तैनात करेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / शरद