home page

प्रधानमंत्री के ईंधन बचाने की अपील का भाजपा पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों पर भरपूर असर

 | 
प्रधानमंत्री के ईंधन बचाने की अपील का भाजपा पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों पर भरपूर असर


वाराणसी, 16 मई (हि. स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ईंधन बचाने की अपील का असर वाराणसी में भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों पर भरपूर दिख रहा है। कैंट विधानसभा के विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने जहां साइकिल निकाल ली है तो दक्षिणी विधानसभा से विधायक डॉ नीलकंठ तिवारी ने गलियों से निकल पदयात्रा के क्रम को सड़क तक बढ़ा दिया है। उत्तरी विधानसभा से विधायक और मंत्री रवीन्द्र जायसवाल ने भी वाहनों की संख्या कम करते हुए सिंगल व्हीकल पर जोर दिया है।

साइकिल से संपर्क पर निकले भाजपा के महानगर महामंत्री जगदीश त्रिपाठी ने बताया कि सार्वजनिक जीवन में समय बचाने के लिए वह अक्सर मोटर साइकिल का उपयोग करते रहे हैं। बनारस की गलियों में मोटर साइकिल बेहतर विकल्प है। प्रधानमंत्री मोदी के ईंधन बचाने के अपील के बाद उन्होंने कुछ स्थान पर साइकिल से जाना उचित समझा है और साइकिल चलाकर स्वास्थ्य भी ठीक रखा जा सकता है।

वाराणसी में भाजपा के जिला अध्यक्ष और प्रदेश सरकार में राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने शनिवार को अपने एक वाहन से शहर में संपर्क साधा लेकिन इस दौरान उनके समर्थकों की एक गाड़ी पीछे और पुलिस कर्मियों की एक गाड़ी आगे लग गई थी। हंसराज विश्वकर्मा को अभी राज्य मंत्री के तौर पर कोई विभाग नहीं मिला है।

वर्तमान स्थिति को देखते हुए भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने भी पदयात्रा करने और साइकिल चलाने पर जोर दिया है। वरिष्ठ नेता अशोक पांडे पैदल ही अपने आवास से अपने चिर परिचित अंदाज में संपर्क करते हुए देखे गए हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / शरद