एनडीआरएफ ने गंगा में डूब रहे बिहार के युवक की बचाई जान
वाराणसी, 13 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले में वाराही घाट पर पिकेट ड्यूटी के दौरान 11वीं वाहिनी एनडीआरएफ की टीम ने शनिवार को गंगा नदी में डूब रहे एक व्यक्ति की जान बचा ली। एनडीआरएफ टीम ने लाइफ बॉय की सहायता से व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकालकर नदी तट पर पहुंचाया।
उसकी पहचान पुनीत शर्मा (28) निवासी गोपालगंज, बिहार के रूप में हुई।
एनडीआरएफ के साहसिक बचाव कार्य को वाराही घाट सहित आसपास के अन्य घाटों पर उपस्थित श्रद्धालुओं ने प्रत्यक्ष रूप से देखा तथा बचाव दल की भूरी-भूरी प्रशंसा की।
इस अवसर पर एनडीआरएफ के उप महानिरीक्षक मनोज कुमार शर्मा ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि वे नदियों एवं अन्य जलाशयों में स्नान अथवा अन्य गतिविधियों के दौरान जल सुरक्षा नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करें। गहरे पानी में जाने से बचें, चेतावनी संकेतों पर ध्यान रखें तथा तैनात सुरक्षा कर्मियों के निर्देशों का पालन करें। जागरूकता एवं सतर्कता ही डूबने की घटनाओं को रोकने का सबसे प्रभावी उपाय है। विशेष रूप से मानसून के दौरान जलधाराओं का वेग एवं जलस्तर अप्रत्याशित रूप से बढ़ सकता है, इसलिए अतिरिक्त सावधानी बरतना आवश्यक है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / शरद

