home page

वाराणसी में प्रसिद्ध लोटा-भंटा मेला 30 नवंबर को, भगवान शिव को अर्पित होगा प्रसाद

 | 
वाराणसी में प्रसिद्ध लोटा-भंटा मेला 30 नवंबर को, भगवान शिव को अर्पित होगा प्रसाद


वाराणसी, 29 नवंबर (हि. स.)। वाराणसी स्थित पंचक्रोशी तीर्थ यात्रा के तीसरे पड़ाव रामेश्वर क्षेत्र के मंदिर परिसर क्षेत्र में प्रसिद्ध लोटा-भंटा मेला इस वर्ष 30 नवंबर को आयोजित किया जाएगा। पुजारी अनूप तिवारी ने बताया कि स्थानीय परंपरा में तिथि से लोटा भंटा मेला 29 नवंबर को होना था, लेकिन रविवार के दिन वाराणसी में भंटा नहीं भुना जाता है। इस कारण अगले दिन सोमवार 30 नवंबर को मेला की तिथि तय किया गया है। श्रद्धालु सोमवार को लोटा भंटा मेला मनाएंगे।

उन्होंने बताया कि लोटा भंटा मेला से जुड़ी दो लोक कथाएं हैं। रावण वध के बाद भगवान श्रीराम ने प्रायश्चित के लिए यहां प्रवास कर वरुणा नदी की रेत से शिवलिंग की स्थापना की थी। वही, सैकड़ों वर्ष पूर्व एक दंपती की संतान प्राप्ति की मनोकामना पूर्ण हुई थी। तभी से श्रद्धालुओं द्वारा अगहन मास में यहां लोटा और आलू-भंटा लेकर आने, प्रसाद बनाकर भगवान शिव को अर्पित करने तथा ग्रहण करने की परंपरा चली आ रही है।

जिला प्रशासन की ओर से बड़ागांव और जंसा थाना क्षेत्रों के अंतर्गत करीब 10 किलोमीटर की परिधि में मेला के लिए प्रशासनिक टीम को लगाया गया है। उत्तर प्रदेश और बिहार के विभिन्न जिलों से हजारों श्रद्धालु एक दिन पूर्व ही पहुंचने लगे हैं। भीड़ को देखते हुए कई थानों की पुलिसकर्मियों, पीएसी जवानों, महिला पुलिसकर्मियों और अग्निशमन दल की तैनाती की गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / शरद