कांवड़ियाें के साथ बेहतर व्यवहार करें पुलिसकर्मी : पुलिस आयुक्त
वाराणसी, 11 जुलाई (हि. स.)।वाराणसी से भदोही मार्ग पर कांवड़ यात्रा के पथ की जानकारी करने के बाद मिर्जामुराद क्षेत्र में शनिवार को जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार, पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल, अपर पुलिस आयुक्त शिवहरी मीणा ने कावंड़ियों के लिए व्यवस्थाओं के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए। पुलिस आयुक्त ने कांवड़ यात्रा मार्ग पर ड्यूटी करने वाले पुलिसकर्मियों को कावंड़ियों के साथ अच्छा व्यवहार करने और हर स्थिति में सुरक्षा मुहैय्या कराने के निर्देश दिए।
कांवड़ यात्रा मार्ग की जानकारी करते हुए जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने कहा कि प्रशासन पिछली बार से बेहतर व्यवस्था देने के लिए प्रतिबद्ध है। कांवड़ यात्रा मार्ग पर सामाजिक संगठनों की तरफ से लगाए जाने वाले सेवा कैंप की साफ सफाई, यात्रा मार्ग पर विद्युत व्यवस्था, दिशा सूचक लगाने, यात्रा मार्ग सुनिश्चित करने इत्यादि को लेकर अभी से पुख्ता इंतजाम किया जाना है। कांवड़ियों के लिए शुद्ध पेयजल की व्यवस्था होनी है, इसके लिए जल निगम के अधिकारी अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करेंगे। कांवड़ यात्रा में रात्रि विश्राम के लिए मार्ग पर पड़ने वाले मंदिरों को भी पूरी तरह से साफ-सुथरा रखने के इंतजाम किए जाने हैं।
इस दौरान पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने शिव मंदिर में दर्शन कर जल चढ़ाया। पुलिस आयुक्त से स्थानीय लोगों ने सावन माह में मंदिर में होने वाली भीड़ की जानकारी दी।
हिन्दुस्थान समाचार / शरद

