home page

ईद-उल-अजहा से पहले मस्जिदों, नमाज स्थलों का अपर पुलिस आयुक्त ने किया निरीक्षण

 | 
ईद-उल-अजहा से पहले मस्जिदों, नमाज स्थलों का अपर पुलिस आयुक्त ने किया निरीक्षण


वाराणसी, 22 मई (हि. स.)। ईद-उल-अजहा (बकरीद) पर्व पर सुरक्षा कानून-व्यवस्था एवं आवश्यक तैयारियों के संबंध में अपर पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय) शिवहरी मीणा ने संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों, प्रमुख मस्जिदों, नमाज स्थलों, बाजारों एवं आवागमन मार्गों का स्थलीय भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। इस दौरान पुलिस उपायुक्त काशी जोन गौरव बंसवाल, सहायक पुलिस आयुक्त चेतगंज शुभम सिंह और संबंधित थाना प्रभारियों की टीम उनके साथ मौजूद रही।

अपर पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय) शिवहरी मीणा ने कहा कि आगामी बकरीद पर्व के दृष्टिगत समस्त पुलिस उपायुक्त, सहायक पुलिस आयुक्त एवं थाना प्रभारी अपने-अपने क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने हेतु विशेष सतर्कता बरतना सुनिश्चित करेंगे तथा नियमित रूप से क्षेत्र भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण करेंगे। सभी थाना प्रभारी अपने थाना क्षेत्र के संवेदनशील, अतिसंवेदनशील एवं मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों का चिन्हांकन कर वहां पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करेंगे। पर्व के दौरान नमाज स्थलों, ईदगाहों, मस्जिदों एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिगत बैरिकेडिंग, प्रवेश एवं निकास मार्गों का सुव्यवस्थित प्रबंधन सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान नियमित पैदल गश्त, मोबाइल पेट्रोलिंग एवं रात्रि गश्त बढ़ाई जाए तथा प्रत्येक गतिविधि की सतत निगरानी की जाए। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म, व्हाट्सएप ग्रुप, फेसबुक, इंस्टाग्राम एवं अन्य माध्यमों पर विशेष निगरानी रखी जाए तथा किसी भी प्रकार की अफवाह, भ्रामक सूचना अथवा आपत्तिजनक पोस्ट प्रसारित करने वालों के विरुद्ध तत्काल वैधानिक कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। पर्व के दौरान ड्रोन कैमरा एवं सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से भीड़भाड़ वाले एवं संवेदनशील क्षेत्रों की सतत निगरानी रखी जाए तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई की जाए। कुर्बानी स्थलों पर शासन एवं स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए तथा सार्वजनिक स्थानों पर किसी प्रकार की अव्यवस्था न होने दी जाए। प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी, सार्वजनिक स्थानों पर अवशेष फेंकने अथवा धार्मिक भावनाएं आहत करने वाली गतिविधियों पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाह अथवा तनाव की सूचना प्राप्त होने पर संबंधित अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करना सुनिश्चित करेंगे। समस्त थाना प्रभारी अपने क्षेत्र में डीजे, लाउडस्पीकर एवं ध्वनि विस्तारक यंत्रों के प्रयोग को निर्धारित मानकों एवं शासनादेशों के अनुरूप सुनिश्चित कराएंगे। ईदगाहों एवं मस्जिदों के आसपास पर्याप्त पुलिस पिकेट एवं क्यूआरटी टीम की तैनाती सुनिश्चित की जाए ताकि आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / शरद