home page

प्राकृतिक संकेतों के माध्यम से मानव समाज को चेतावनी दे रही पृथ्वी : उपमहानिरीक्षक

 | 
प्राकृतिक संकेतों के माध्यम से मानव समाज को चेतावनी दे रही पृथ्वी : उपमहानिरीक्षक


वाराणसी, 05 जून(हि. स.)। राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) के 11 वीं वाहिनी के वाराणसी मुख्यालय और चंदौली के साहूपुरी पर वृहद पौधरोपण अभियान का आयोजन हुआ। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर वाराणसी में मुख्यालय पर उपमहानिरीक्षक मनोज कुमार शर्मा ने पौधरोपण कर कहा कि आज पृथ्वी विभिन्न प्राकृतिक संकेतों के माध्यम से मानव समाज को चेतावनी दे रही है। समुद्र के बढ़ते जलस्तर, भीषण वनाग्नि, अत्यधिक गर्मी, अनियमित वर्षा तथा पिघलते ग्लेशियर जलवायु परिवर्तन के गंभीर दुष्प्रभावों के स्पष्ट उदाहरण हैं।

उपमहानिरीक्षक ने कहा कि ऐसे समय में पाैधरोपण एवं पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सामूहिक प्रयास अत्यंत आवश्यक हैं। सभी कार्मिकों एवं नागरिकों को अधिक से अधिक पाैधरोपण कर प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण को बढ़ावा देना चाहिए। एनडीआरएफ का यह अभियान पर्यावरण संरक्षण के प्रति उसकी प्रतिबद्धता एवं सामाजिक उत्तरदायित्व का प्रतीक है। इस प्रकार के प्रयास न केवल हरित भारत के निर्माण में सहायक होंगे, बल्कि आमजन को भी पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक एवं प्रेरित करेंगे।

वही, वृहद पौधरोपण अभियान में एनडीआरएफ के बचावकर्मियों द्वारा वाहिनी मुख्यालय, क्षेत्रीय प्रतिक्रिया केंद्रों तथा अन्य सार्वजनिक स्थलों पर लगभग 1500 फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण किया गया। पर्यावरण संरक्षण एवं हरित आवरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित इस अभियान में एनडीआरएफ के सभी कार्मिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

हिन्दुस्थान समाचार / शरद