home page

छठ पूजा के लिए बनारस स्टेशन पर बनाया गया अस्थायी यात्री आश्रय स्थल, 250 यात्रियों के रुकने की व्यवस्था

 | 
छठ पूजा के लिए बनारस स्टेशन पर बनाया गया अस्थायी यात्री आश्रय स्थल, 250 यात्रियों के रुकने की व्यवस्था


वाराणसी, 13 नवम्बर (हि. स.)। छठ पूजा के अवसर पर यात्रियों की संभावित अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए पूर्वोत्तर रेलवे के मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन के निर्देशन में बनारस स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा एवं भीड़ को व्यवस्थित करने के उद्देश्य से 2025 वर्ग फीट आकार का एक अस्थायी यात्री आश्रय स्थल अर्थात होल्डिंग एरिया बनाया गया है। जिसमें एक साथ लगभग 250 यात्रियों के बैठकर प्रतीक्षा करने की क्षमता है। बनारस स्टेशन पर बनाए गए इस अस्थायी यात्री आश्रय स्थल में यात्रियों की सुविधा के लिए विद्युत प्रकाश, पंखे एवं शुद्ध पेयजल की समुचित व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही प्राथमिक चिकित्सा एवं मोबाइल यूटीएस टिकटिंग की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है, जिससे यात्रियों को टिकट प्राप्त करने के लिए अनावश्यक कतारों में खड़ा न होना पड़े।

मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन ने कहा कि ट्रेनों के आगमन एवं प्रस्थान की जानकारी उपलब्ध कराने के लिए आश्रय स्थल में जन उद्घोषणा प्रणाली के स्पीकर एवं वीडियो पैनल लगाए गए हैं, जिनके माध्यम से यात्रियों को समय-समय पर आवश्यक सूचनाएं दी जा रही हैं।

बनारस स्टेशन पर निर्मित इस होल्डिंग एरिया में यात्रियों के बैठने एवं प्रतीक्षा करने की समुचित व्यवस्था की गई है, ताकि प्लेटफार्मों पर अनावश्यक भीड़ एकत्रित न हो और यात्रियों का आवागमन सुचारु बना रहे। बनारस स्टेशन परिसर में यात्रियों के सुगम आवागमन के लिए सर्कुलेटिंग एरिया को वाहन मुक्त रखने के विशेष प्रबंध किए गए हैं।

मंडल रेल प्रबंधक ने कहा कि स्टेशन के प्रवेश एवं निकास मार्गों का समुचित प्रबंधन करने के साथ ही प्लेटफार्मों पर सीमांकन एवं बैरीकेडिंग की गई है। यात्रियों की सहायता एवं मार्गदर्शन के लिए बनारस स्टेशन पर ‘मे आई हेल्प यू’ सहायता बूथ 24 घंटे संचालित किए जा रहे हैं। बनारस स्टेशन पर यात्रियों की सुरक्षा एवं भीड़ नियंत्रण के लिए सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से 24 घंटे निगरानी की जा रही है। इसके लिए स्टेशन पर नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) एवं राज्य पुलिस के जवानों की तैनाती के साथ महिला यात्रियों की सुरक्षा के लिए विशेष महिला टीम भी लगाई गई है। फुट ओवरब्रिज एवं प्लेटफार्मों पर भीड़ को नियंत्रित रखने तथा यात्रियों को कतारबद्ध तरीके से आवागमन कराने के लिए पर्याप्त संख्या में सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / शरद