ईंट लदी ट्रैक्टर-ट्राली झोपड़ी पर पलटी, दादी-बहू की मौत, पिता-बेटी घायल
कानपुर, 30 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के कानपुर नगर में फजलगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत दादा नगर ढाल के पास देर रात ईंटों से लदी तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्राली अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बनी झोपड़ी पर पलट गई। हादसे के समय झोपड़ी में सो रहे एक ही परिवार के चार लोग मलबे और ट्रैक्टर-ट्राली के नीचे दब गए। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी को बाहर निकलवाकर अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान शुक्रवार को दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि पिता और उनकी सात वर्षीय बेटी घायल हो गए।
कच्ची मड़ैया निवासी सुंदर सिंह की झोपड़ी में पत्नी सियावती (60), बेटा सजीवन सिंह, बहू पुष्पा देवी (40) और नातिन मिष्ठी सो रहे थे। तभी दादा नगर पुल की ओर से फजलगंज की तरफ जा रही ईंट लदी ट्रैक्टर-ट्राली अचानक अनियंत्रित हो गई और झोपड़ी पर पलट गई। हादसे में चारों लोग उसके नीचे दब गए। ट्रैक्टर चालक और साथ मौजूद मजदूर मौके से भाग निकले।
ट्राली पलटने की आवाज और परिवार की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। सूचना पर फजलगंज पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस ने मेट्रो कर्मचारियों की मदद से क्रेन मंगवाकर ट्रैक्टर-ट्राली हटवाई और दबे लोगों को बाहर निकलवाया। इसके बाद सभी को अस्पताल भेजा, जहां इलाज के दौरान सियावती और उनकी बहू पुष्पा की मौत हो गई, जबकि सजीवन और उनकी बेटी मिष्ठी का इलाज चल रहा है।
परिजनों के मुताबिक, सुंदर सिंह फजलगंज की एक ट्रक बॉडी मेकर फैक्ट्री में सुरक्षा गार्ड हैं, जबकि उनका बेटा सजीवन लोडर चलाता है। करवाचौथ पर पूजा करने के बाद सुंदर रात आठ बजे ड्यूटी पर चले गए थे। घर में बेटा और परिवार के अन्य सदस्य मौजूद थे। एडीसीपी सेंट्रल डॉ. अर्चना सिंह ने बताया कि दोनों महिलाओं के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
-----------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

