home page

ट्रक की टक्कर से बाइक सवार दो महिलाओं की मौत

 | 

बाराबंकी 29 मार्च (हि.स.)। यूपी के बाराबंकी में शनिवार को बीमार मौसी को देखने जा रहे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। रेलवे क्रासिंग खुलते ही तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि, तीन वर्षीय बालिका गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसा फतेहपुर क्षेत्र के इसेपुर रेलवे क्रॉसिंग के पास हुआ।

मूल रूप से सीतापुर के महमूदाबाद थाना क्षेत्र के रमद्वारी गांव निवासी इंद्रजीत वर्मा अपनी पत्नी खुशी वर्मा (18), भाभी पिंकी देवी (28) और तीन वर्षीय भतीजी बिट्टू के साथ बाइक से जहांगीराबाद थाना क्षेत्र के पिपरौली गांव अपनी बीमार मौसी को देखने जा रहे थे। रास्ते में फतेहपुर-सिहाली मार्ग पर इसेपुर रेलवे क्रॉसिंग बंद होने पर सभी लोग वहीं रुक गए। जैसे ही क्रॉसिंग खुली और बाइक आगे बढ़ी, तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही खुशी और पिंकी देवी गिर गईं। जबकि, इंद्रजीत और बालिका दूसरी ओर गिर पड़े। ट्रक दोनों महिलाओं को कुचलते हुए आगे बढ़ गया। आसपास मौजूद लोगों ने वाहन को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक भागने में सफल रहा। हादसे में दोनों महिलाओं की मौत हो गई। घायल बालिका को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फरार ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है।

इस संबंध में क्षेत्राधिकारी फतेहपुर ने बताया कि घटना के बाद फरार ट्रक चालक की तलाश की जा रही है। शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज कुमार चतुवेर्दी