घर से नाराज होकर निकलीं जाैनपुर की दो किशोरियां कानपुर सेंट्रल पर मिलीं
कानपुर, 10 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर मंगलवार को जीआरपी ने ऑपरेशन मुस्कान के तहत घर से नाराज होकर निकलीं दो नाबालिग किशोरियों को सकुशल बरामद कर परिजनों से मिलवा दिया। दोनों किशोरियां जौनपुर से कानपुर पहुंची थीं। स्टेशन पर नियमित चेकिंग के दौरान पुलिस टीम की नजर उन पर पड़ी।
जीआरपी थाना प्रभारी निरीक्षक ओम नारायण सिंह ने बताया कि आज प्लेटफार्म, सर्कुलेटिंग एरिया, टिकट घर और यात्री प्रतीक्षालय में चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान प्लेटफार्म पर करीब 15 और 16 वर्ष की दो किशोरियां बैठी मिलीं। पूछताछ में उन्होंने बताया कि वे जौनपुर जिले के चंदवक थाना क्षेत्र के रेहारी गांव की रहने वाली हैं। परिजनों की डांट से नाराज होकर दोनों बिना बताए घर से निकल आई थीं और कानपुर पहुंच गई थीं।
उन्होंने बताया कि महिला हेड कांस्टेबल विपिन यादव की मौजूदगी में दोनों किशोरियों को महिला हेल्प डेस्क पर सुरक्षित बैठाया गया। इसके बाद उचित माध्यम से उनके परिजनों से संपर्क स्थापित किया गया। आवश्यक विधिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों किशोरियों को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। किशोरियों के सकुशल मिलने पर परिजनों ने जीआरपी की तत्परता की सराहना की।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

