प्रयागराज: अलग-अलग स्थानों पर हुई मार्ग दुर्घटना में बारहवीं के दो छात्रों की माैत
प्रयागराज, 23 फ़रवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में सोमवार को अलग-अलग स्थानों पर हुई मार्ग दुर्घटना में बारहवीं के दो छात्रों की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने शवाें कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई की।
पहली घटना प्रयागराज के खुल्दाबाद थाना क्षेत्र में डीएसए ग्राउंड में सोमवार को बस की टक्कर लगने से बारहवीं के छात्र की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने शव को कब्जे में लेकर परिवार को खबर दी। इस संबंध में जानकारी देते हुए पुलिस उपायुक्त नगर मनीष कुमार शांडिल्य ने बताया कि हादसे में नगर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में स्थित सप्रू मार्ग निवासी मनीष कुमार (18) पुत्र श्याम सिंह की मौत हो गई। वह मोटरसाइकिल से बारहवीं की परीक्षा देने जा रहा था। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दूसरी घटना प्रयागराज के खीरी थाना क्षेत्र के सीकी गांव के समीप सोमवार को दो मोटरसाइकिल की भिड़ंत में बारहवीं के छात्र गरुड़ कुमार (18) पुत्र संतोष मिश्रा की मौत हो गई। हादसे में दूसरे मोटरसाइकिल पर सवार छात्र घायल हुए हैं। हादसे के संबंध में जानकारी देते हुए पुलिस उपायुक्त यमुनानगर विवेक चन्द्र यादव ने बताया कि मृत छात्र गरुड़ कुमार मिश्रा मध्य प्रदेश के रीवा जिले में स्थित सोहागी थाना क्षेत्र के बजरा गांव निवासी संतोष मिश्रा का बेटा है। वह मोटरसाइकिल से बारहवीं की परीक्षा देने जा रहा था। लेकिन हादसे का शिकार हो गया। परिवार के लोग स्वरूपरानी नेहरू चिकित्सालय में पहुंचे हैं। पुलिस परिवार से प्रार्थना पत्र लेकर विधिक कार्रवाई कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

