home page

पुलिया से टकराई बाइक, दो व्यक्तियों की मौत

 | 

सिद्धार्थनगर, 30 जून (हि.स.)। जनपद के खेसरहा थाना क्षेत्र के बांसी -सकारपार मार्ग पर ग्राम कोटिया और महुलानी के बीच में मोटर साइकिल से जनपद बस्ती के नया गांव निवासी झीनक तथा राधेश्याम ग्राम कलना खोर में रिश्तेदार के यहां जा रहे थे। इस दौरान उक्त मोटर साइकिल अनियंत्रित होकर पुलिया से टकरा गई। जिससे गम्भीर चोट लगने से दोनों की मौत हो गई है।

प्रभारी निरीक्षक थाना खेसरहा अनूप कुमार मिश्र ने बताया कि जनपद बस्ती के थाना रुधौली के नया गांव निवासी 50 वर्षीय झीनक पुत्र ज्ञान दास तथा 40 वर्षीय राधेश्याम पुत्र जगदीश मोटर साइकिल से खेसरहा थाना क्षेत्र के ग्राम कलना खोर में अपने रिश्तेदार के यहां छथियारा कार्यक्रम में शामिल होने के लिए मंगलवार को जा रहे थे। इसी बीच इनकी मोटर साइकिल बांसी से धानी जाने वाली मार्ग पर ग्राम महुलानी से कोटिया के बीच मे पुलिया से अनियंत्रित होकर टकरा गई। गम्भीर चोट लगने से उक्त दोनों व्यक्तियों की मौत हो गई। परिजनों की उपस्थिति में शवाें को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बलराम त्रिपाठी