home page

ऑपरेशन मुस्कान के तहत लापता दो किशोर सकुशल बरामद

 | 
ऑपरेशन मुस्कान के तहत लापता दो किशोर सकुशल बरामद


कस्बे के प्रकाश नगर इलाके से 12 जुलाई को लापता हो गए थे दोनों किशोर

हाथरस, 18 जुलाई (हि.स.)। सादाबाद कस्बे के प्रकाश नगर से करीब पांच दिन पहले लापता हुए दो किशोरों को मथुरा के रमनरेती आश्रम से सकुशल बरामद कर लिया गया है। पुलिस ने 'ऑपरेशन मुस्कान' के तहत उन्हें उनके परिजनों को सौंप दिया।

जानकारी के अनुसार, प्रकाश नगर निवासी विष्णु पुत्र ओमप्रकाश और धर्मेंद्र पुत्र महेश चंद्र 12 जुलाई को सुबह करीब 11 बजे अपने घर से अचानक लापता हो गए थे। परिजनों ने अपनी ओर से काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग न मिलने पर सादाबाद पुलिस को सूचना दी और शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तलाश अभियान तेज कर दिया। जांच के दौरान दोनों किशोर मथुरा के रमनरेती आश्रम में मिले, जहां से पुलिस ने उन्हें सुरक्षित बरामद कर लिया। पूछताछ में किशोरों ने बताया कि उनके मन में अचानक घर छोड़ने का विचार आया था, जिसके बाद वे मथुरा चले गए। वहां उन्होंने कुछ समय तक एक ढाबे पर काम किया और बाद में रमनरेती आश्रम पहुंच गए। पुलिस ने आवश्यक पूछताछ और औपचारिकताएं पूरी करने के बाद दोनों किशोरों को उनके परिवार के सुपुर्द कर दिया। दोनों किशोर अपने-अपने माता-पिता की इकलौती संतान हैं। उनके सकुशल मिलने से परिवारों ने राहत की सांस ली और पुलिस का आभार जताया।

प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह ने शनिवार काे बताया कि दोनों किशोरों को 'ऑपरेशन मुस्कान' के तहत सकुशल बरामद कर परिजनों के हवाले कर दिया गया है। उन्होंने यह भी बताया कि क्षेत्र से लापता अन्य किशोरों की तलाश भी लगातार जारी है और उन्हें जल्द सकुशल बरामद करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना