home page

शिक्षक दम्पति हत्याकांड के दो आरोपित गिरफ्तार , जेल

 | 
शिक्षक दम्पति हत्याकांड के दो आरोपित गिरफ्तार , जेल


सुलतानपुर, 05 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जिला सुलतानपुर के थाना कादीपुर क्षेत्रान्तर्गत ग्राम कुम्हीडड़िया में हुए दोहरे हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा किया है। कादीपुर पुलिस एवं एसओजी टीम ने दो आरोपित को गिरफ्तार किया है। उनके पास से चोरी की धनराशि एवं घटना के समय पहने गए कपड़े बरामद किए गए हैं।

पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने सोमवार को बताया कि थाना कादीपुर क्षेत्रान्तर्गत ग्राम कुम्हीडड़िया स्थित मनराजी शिक्षण संस्थान में मुकेश कुमार सिंह पुत्र स्व. रामबदल सिंह एवं उनकी पत्नी श्रीमती विनीता सिंह की अज्ञात बदमाशों ने धारदार हथियार से हत्या कर दी गई थी। उक्त घटना के संबंध में 29 सितंबर को मृतक के भाई अखिलेश सिंह पुत्र स्व. रामबदल सिंह निवासी ग्राम कुम्हीडड़िया की लिखित तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत किया गया था। घटना के शीघ्र अनावरण एवं अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु एसओजी /सर्विलांस सहित कुल पांच पुलिस टीमों का गठन किया गया तथा फील्ड यूनिट को मौके पर बुलाकर वैज्ञानिक एवं फॉरेंसिक साक्ष्यों का संकलन कराया गया।

आज बुढ़ाना पुल के पास बड़ी नहर पुलिया के पास से आरोपित राकेश कुमार यादव पुत्र स्व. लहुरी यादव, निवासी ग्राम कुम्ही डडिया, एवं आशीष यादव उर्फ डब्बू यादव पुत्र हरिनाथ यादव को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस की पूछताछ में राकेश कुमार यादव ने बताया कि वह मनराजी शिक्षण संस्थान ग्राम कुम्हीडड़िया थाना कादीपुर में बस चलाने एवं कम्प्यूटर पढ़ाने का कार्य करता था तथा आशीष यादव उर्फ डब्बू यादव उसके पड़ोस में ही रहने वाला एवं उसका पट्टीदार है। राकेश की माली हालत काफी कमजोर है । दोनों ने शिक्षण संस्थान में चोरी करने की योजना बनाई । राकेश को स्कूल एवं कार्यालय के संबंध में तथा सीसीटीवी कैमरों की स्थिति के संबंध में पूर्ण जानकारी थी । 28 सितंबर की रात्रि में दोनों चोरी की नीयत से वहां गए । राकेश ने कार्यालय में रखी चाभी से अलमारी का लॉकर खोल कर चोरी करते समय मृतका विनीता सिंह ने पकड़ लिया गया तथा विरोध किया , पहचान लिए जाने के कारण राकेश कुमार ने पास में रखे फावड़े से विनीता सिंह पर कई प्रहार कर दिया गया । इसी दौरान मृतक मुकेश सिंह ने घटना को देख लिया गया और उनको जान बचाकर बाहर की ओर भागने पर दोनों आरोपियो ने पीछा कर कुल्हाड़ी से वार कर उनकी भी हत्या कर दी गई । लॉकर से नकदी रुपये एवं मृतका का मोबाइल फोन व आधार कार्ड लेकर भाग गए थे। पुलिस ने उनके पास से कुल 34,960रुपये बरामद किए हैं। हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी एवं फावड़ा भी बरामद किया है।

हिन्दुस्थान समाचार / दयाशंकर गुप्त