home page

देवरिया में पेट्रोल पंप संचालकाें ने की दो घंटे की सांकेतिक हड़ताल

 | 
देवरिया में पेट्रोल पंप संचालकाें ने की दो घंटे की सांकेतिक हड़ताल


देवरिया, 02 मार्च (हि.स.)। जनपद में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सोमवार सुबह पेट्रोल पंप संचालकों ने दो घंटे की सांकेतिक हड़ताल की। जिले में सुबह 8 बजे से 10 बजे तक सभी संचालकों ने पेट्रोल पंप को बंद रखा। इससे पेट्रोल और डीजल की बिक्री प्रभावित हुई। इस दौरान कई वाहन चालकों को ईंधन न मिलने से वापस लौटना पड़ा और उन्हें असुविधा का सामना करना पड़ा।

पेट्रोलियम डीलर एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष श्रीकांत मणि त्रिपाठी ने बताया कि रुद्रपुर क्षेत्र के डहरौली स्थित एक पेट्रोल पंप पर हाल ही में लूट की घटना हुई थी। मामले में मुकदमा दर्ज होने के बावजूद अब तक आरोपितों की गिरफ्तारी न होने से संचालकों में आक्रोश है। इस घटना के बाद जिले के पेट्रोल पंप संचालक खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि लूटकांड के आरोपितों को शीघ्र गिरफ्तार करे। सभी पेट्रोल पंपों पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जाए।

एसोसिएशन ने यह चेतावनी दी है कि यदि मांगों पर जल्द ठोस कार्रवाई नहीं की गई, तो 5 मार्च को जिले के लगभग 200 पेट्रोल पंप पूरी तरह बंद कर अनिश्चितकालीन हड़ताल की जाएगी। फिलहाल दो घंटे की सांकेतिक हड़ताल के बाद पंपों पर बिक्री फिर से शुरू हो गई है, लेकिन संचालकों ने आंदोलन तेज करने के संकेत दिए हैं।--------------------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक