home page

रायबरेली में तूफ़ान से भारी तबाही, दो की मौत व कई घायल

 | 
रायबरेली में तूफ़ान से भारी तबाही, दो की मौत व कई घायल


रायबरेली, 13 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के रायबरेली में बुधवार शाम आये भीषण तूफ़ान व ओलावृष्टि ने भारी तबाही मचाई है। जिसमें दो की मौत हो गई, जबकि करीब एक दर्जन लोग घायल हैं। जगह-जगह पेड़ और दीवार गिरने की जानकारी है। बिजली के सैकड़ों खंभे गिरे पड़े हैं।तूफ़ान में कार, बाइक और साइकिलें भी क्षतिग्रस्त हो गईं हैं। प्रशासनिक अधिकारी नुकसान के आकलन में जुटे हुए हैं।

ऊंचाहार तहसील क्षेत्र के इटौरा बुजुर्ग निवासी चंद्रभान पाल खेतों में काम कर रहे थे, तभी भारी तूफ़ान से एक पेड़ उन पर गिर गया। जिसमें दबने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। ऊंचाहार के ही शिवगुलाम का पुरवा निवासी रितम यादव भी तूफान के दौरान टूटे तार से फैले करंट की चपेट में आ गया और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

लालगंज ब्लॉक परिसर में चार पेड़ गिर गए,जिसके नीचे कई कार, बाइक और साइकिल दब गईं। बहरामपुर गांव में छप्पर के नीचे बैठकर खुद को सुरक्षित कर रहे पिता-पुत्र के ऊपर अचानक बिजली का खंभा गिर पड़ा। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। गांव निवासी महेश अपने बेटे शिवम (14) के साथ खेतों में बकरी चरा रहे थे। आंधी आने के दौरान वे दोनों छप्पर के नीचे बैठ गए। तभी तेज हवा के कारण पास का बिजली का खंभा ट्रांसफार्मर समेत झोपड़ी पर गिर गया। इससे दोनों उसके नीचे दब गए। इसके अलावा डलमऊ, महराजगंज और रायबरेली तहसीलों से भारी नुकसान होने की सूचनाएं हैं। जिम्मेदार अधिकारी नुकसान का आकलन करने में जुटे हैं।

चिकित्सा अधीक्षक मनोज शुक्ला ने बताया कि दाे लाेगाें की माैत हाे चुकी है। इसके अलावा पेड़ और दीवार गिरने से कई लोग अस्पताल आये हैं, जिनका इलाज किया जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / रजनीश पांडे