रोहिन नदी में नहाने गए दो मासूम डूबे, एक की मौत
गोरखपुर, 16 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में गोरखपुर जिले की तिवारीपुर थाना क्षेत्र में रोहिन नदी में मंगलवार को नहाने के दौरान चार बच्चे डूब गये थे। इसी दौरान दो बच्चे बाहर निकल गये जबकि एक बच्ची समेत दो बच्चे नदी में डूब गये। काफी प्रयासों के बाद एनडीआरएफ ने एक बच्चे को बाहर निकालकर मेडिकल कॉलेज ले जा रहे थे, तभी रास्ते में उसकी मौत हो गई। वहीं, नदी में डूबी बच्ची की तलाश की जा रही है।
मानीराम चिलुआताल निवासी सर्वेश यादव अपने ननिहाल तकिया कवलदह पथरकट टोला आया था। मंगलवार को वह मामा विक्की यादव के बेटी पिहू (9) के साथ घर से निकला और खेलते-खेलते रोहिन नदी के किनारे पहुंच गया। रास्ते में उन्हें कुछ अन्य बच्चे भी मिल गए, जो भैंस चरा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक सभी बच्चे नदी में नहाने उतर गए। नहाने के दौरान अचानक गहराई में चले जाने से सर्वेश (12) और पिहू डूबने लगे। वहीं, दो अन्य बच्चे धर्मेेंद यादव के बेटा संतोष यादव और बेटी संगीता किसी तरह नदी से बाहर निकलकर अपने घर पहुंचकर घटना की जानकारी परिवार को दी। परिजन अन्य ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंचकर नदी में डूबे बच्चों को खोजने लगे।
सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आया और एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंचकर सर्च ऑपरेशन शुरू किया। काफी प्रयास के बाद सर्वेश यादव को नदी से बाहर निकालकर उसे तत्काल जिला चिकित्सालय ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। वहीं, पिहू की तलाश के लिए एनडीआरएफ की टीम लगातार नदी में सर्च ऑपरेशन चला रही है, लेकिन देर शाम तक उसका कोई सुराग नहीं लग सका था। घटना की सूचना मिलते ही वार्ड नंबर 41 माधोपुर के पार्षद जयंत निषाद मौके पर पहुंचे थे और प्रशासन को सूचना देकर राहत कार्य तेज कराया। इसके साथ ही महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, ग्रामीण विधायक विपिन सिंह, जिलाधिकारी दीपक मीणा, एसएसपी डॉ. कोस्तुभ, एसपी सिटी निमिष पाटिल, एडीएम वित्त जय प्रकाश, एसडीएम सदर दीपक गुप्ता, डिप्टी कलेक्टर, तहसीलदार ज्ञान प्रताप सिंह, सीओ गोरखनाथ रवि सिंह, नायब तहसीलदार देवेंद्र यादव और तिवारीपुर थानाध्यक्ष विकास सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर मौजूद रहे और स्थिति का जायजा लिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय

