बांदा : नहर, गड्ढे और नदी में डूबने से दो मासूम समेत तीन की मौत
बांदा, 17 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में अलग-अलग स्थानों पर पानी में डूबने से दो मासूम समेत तीन लोगों की मौत हो गई। बिसंडा क्षेत्र में पड़ोसी गांव जाने की बात कहकर घर से निकले 47 वर्षीय मजदूर का शव गुरुवार सुबह नहर में मिला। वहीं, कैरी गांव में घर के बाहर खेल रहा डेढ़ वर्षीय मासूम गहरे पानी से भरे गड्ढे में जा गिरा और उसकी मौत हो गई। पैलानी क्षेत्र में चंद्रावल नदी के रपटे में डूबे तीन वर्षीय बालक का शव करीब 26 घंटे बाद एसडीआरएफ ने केन नदी से बरामद किया।
बिसंडा थाना क्षेत्र के तेंदुरा गांव निवासी मलखे उर्फ मलखान (47) बुधवार शाम चौसड़ गांव जाने की बात कहकर साइकिल से घर से निकला था। देर रात तक वापस न लौटने पर परिजनों ने तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। गुरुवार सुबह एक किसान ने नहर में शव पड़े होने की सूचना दी। मौके पर पहुंचे परिजनों ने कपड़ों के आधार पर शव की पहचान की। नहर की पुलिया पर उसकी साइकिल भी खड़ी मिली। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना प्रभारी सीपी तिवारी के अनुसार प्रथम दृष्टया पानी में डूबने से मौत की बात सामने आई है। इसी थाना क्षेत्र के कैरी गांव में बुधवार दोपहर घर के बाहर खेल रहा मान सिंह का डेढ़ वर्षीय पुत्र शनि कुछ दूरी पर बने पानी से भरे गड्ढे में गिर गया। साथ खेल रही बच्ची राधिका ने घटना की जानकारी परिजनों को दी। परिजन उसे बाहर निकालकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बिसंडा ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के समय परिवार के लोग मोहल्ले में आयोजित तेरहवीं कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।
उधर, पैलानी थाना क्षेत्र के पड़ोहरा गांव निवासी तीन वर्षीय प्रियांशु बुधवार सुबह अपनी मां शशि और बाबा के साथ इलाज के लिए पैलानी जा रहा था। चंद्रावल नदी के रपटे पर पैर फिसलने से वह नदी में डूब गया। पीएसी और गोताखोरों ने तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। गुरुवार को जल शक्ति राज्य मंत्री रामकेश निषाद के निर्देश पर एसडीआरएफ टीम बुलाई गई। टीम ने करीब साढ़े दस बजे पैलानी के पीर दियाबानी और केन नदी पुल के बीच बालक का शव बरामद कर लिया। थाना प्रभारी राममोहन राय ने बताया कि जीवित होने की आशंका में उसे सीएचसी जसपुरा ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह

