home page

जौनपुर-आजमगढ़ बॉर्डर पर दो सड़क हादसे, यात्री बस और कार नाले में पलटी

 | 
जौनपुर-आजमगढ़ बॉर्डर पर दो सड़क हादसे, यात्री बस और कार नाले में पलटी


जौनपुर-आजमगढ़ बॉर्डर पर दो सड़क हादसे, यात्री बस और कार नाले में पलटी


जौनपुर, 27 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में चंदवक थाना क्षेत्र के वाराणसी-आजमगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर जौनपुर-आजमगढ़ सीमा के कनौरा गांव स्थित नहर पुलिया के पास शनिवार देर रात दो अलग-अलग सड़क हादसों में यात्री बस और आल्टो कार नाले में जा गिरी। बस में 22 यात्री सवार थे। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों और पुलिस ने राहत एवं बचाव कार्य चलाकर दोनों वाहनों में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हादसे में कुछ यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं।

क्षेत्राधिकारी केराकत अजय कुमार ने रविवार काे बताया कि आजमगढ़ से चुनार जा रही यात्री बस कनौरा गांव में पुलिया के पास सड़क पर बने गड्ढे के कारण अनियंत्रित होकर नाले में पलट गई। बस को मऊ जिले के घोसी थाना क्षेत्र के बोझी गांव निवासी मुकेश यादव चला रहे थे। बस में सवार सभी 22 यात्रियों को ग्रामीणों और पुलिस की मदद से बाहर निकाल लिया गया। तीन-चार यात्रियों के हाथ-पैर में चोटें आईं, जिन्हें उपचार के लिए लालगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया।

वहीं, पुलिया के दूसरी ओर एक आल्टो कार भी अनियंत्रित होकर नाले में जा गिरी। कार में आजमगढ़ के सिधारी थाना क्षेत्र के मुंडा गांव निवासी दिनेश कुमार श्रीवास्तव सवार थे। वह वाराणसी में परीक्षा देने जा रहे थे। कार के नाले में गिरने के बाद ग्रामीणों ने शीशा तोड़कर उन्हें बाहर निकाला।

सूचना मिलते ही बजरंग नगर चौकी से हेड कांस्टेबल बृजभूषण यादव और मुन्ना यादव मौके पर पहुंचे। कुछ देर बाद थाना प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार सिंह भी पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंच गए। पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से दोनों वाहनों में फंसे लोगों को बाहर निकाला।

स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार कनौरा में रघुवंशी होटल के पास जौनपुर-आजमगढ़ सीमा पर सड़क के बीच काफी समय से गड्ढा बना हुआ है। उनका आरोप है कि इसी गड्ढे के कारण वाहन अनियंत्रित होकर हादसे का शिकार हो रहे हैं। ग्रामीणों ने सड़क के गड्ढे को तत्काल भरवाने और क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है।

राहत की बात यह रही कि दोनों हादसों में कोई जनहानि नहीं हुई और किसी को गंभीर चोट नहीं आई।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव