विधि का वास्तविक ज्ञान न्याय के रुप में समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे: सैय्यद माऊज़ बिन आसिम
मुरादाबाद, 05 जुलाई (हि.स.)। जनपद न्यायालय मुरादाबाद में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा आयोजित इंटर्नशिप कार्यक्रम का समापन रविवार को जनपद न्यायाधीश/जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष सैय्यद माऊज़ बिन आसिम की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुआ। इस अवसर पर प्रशिक्षु विधि छात्र-छात्राओं को प्रमाण पत्र देते हुए जिला जज ने कहा कि विधि का वास्तविक ज्ञान न्याय के रुप में समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत के साथ हुआ। इस अवसर पर जनपद न्यायाधीश सैय्यद माऊज़ बिन आसिम ने प्रशिक्षु विधि छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि विधि का वास्तविक ज्ञान न्यायालय की कार्यप्रणाली, न्यायिक प्रक्रिया तथा समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय पहुँचाने के प्रयासों को निकट से समझने में निहित है। इंटर्नशिप विद्यार्थियों के व्यक्तित्व, व्यावसायिक दक्षता एवं नैतिक मूल्यों के विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने सभी इंटर्न्स को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ दीं तथा समाज के कमजोर एवं वंचित वर्गों के प्रति संवेदनशील रहकर न्याय एवं विधिक सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव तपस्या त्रिपाठी ने कहा कि इंटर्नशिप का उद्देश्य विधि छात्रों को न्यायालयीन कार्यप्रणाली, वैकल्पिक विवाद निस्तारण प्रणाली, विधिक सहायता योजनाओं तथा विधिक जागरूकता कार्यक्रमों का व्यावहारिक अनुभव प्रदान करना है। आशा है कि यहाँ अर्जित अनुभव उनके भावी विधिक जीवन में अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगा तथा वे न्याय तक समान पहुँच सुनिश्चित करने के उद्देश्य को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएँगे।
कार्यक्रम के दौरान इंटर्नशिप में उत्कृष्ट सहभागिता करने वाले प्रशिक्षु छात्रों को सफलतापूर्वक इंटर्नशिप पूर्ण करने पर प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। कार्यक्रम में न्यायिक अधिकारी एवं सभी प्रशिक्षु विधि छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे। अंत में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम का समापन किया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

