home page

फांसी के फंदे से लटका मिला ट्रक हेल्पर का शव

 | 
फांसी के फंदे से लटका मिला ट्रक हेल्पर का शव


औरैया, 28 मई (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में अजीतमल कोतवाली क्षेत्र के गांव प्रहलादपुर में गुरुवार को एक युवक ने घर के अंदर कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

गांव प्रहलादपुर निवासी सुधीर राजपूत (48) पुत्र स्व. नाथूराम ट्रक पर हेल्पर का काम कर परिवार का भरण-पोषण करता था। परिवार में माता भूरा देवी, भाई आशीष, पत्नी ज्योति तथा दो बेटे कृष्णा (13) व शरद (8) हैं। गुरुवार की दोपहर करीब साढ़े 11 बजे सुधीर ने संदिग्ध परिस्थितियों में घर के कमरे की छत के कुंडे से रस्सी बांधकर फांसी लगा ली। बताया गया कि घटना के समय उसकी माता गांव में किसी के घर गई थीं, जबकि पत्नी पड़ोस में बैठी थी। घर के बाहर खेल रहे बच्चों ने सुधीर को फांसी पर लटका देखा तो परिजनों को सूचना दी। घटना की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतक के भाई आशीष ने कोतवाली पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ललितेश त्रिपाठी ने शव को फंदे से उतरवाकर पंचनामा भरवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार