पत्नी के मायके से न लौटने पर ट्रक चालक ने फंदा लगाकर दी जान
कानपुर, 22 सितंबर (हि.स.)। बिधनू थाना क्षेत्र के मझावन गांव में पत्नी के लंबे समय से मायके में रहने से परेशान युवक ने फांसी का फंदा लगाकर जान दे दी। मंगलवार को मां ने बेटे को कमरे में फंदे से लटकता देखा तो चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच कर साक्ष्य जुटाए और शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मझावन गांव निवासी रविंद्र साहू (27) ट्रक चालक था। करीब छह साल पहले उसकी शादी सारिका साहू से हुई थी। उनकी पांच साल की बेटी है। परिजनों के मुताबिक करीब एक साल पहले पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद सारिका बेटी को लेकर मायके चली गई थी और तभी से वहीं रह रही थी। रविंद्र पत्नी और बेटी को वापस घर लाने का प्रयास कर रहा था, लेकिन दोनों वापस नहीं आए।
परिजनों ने बताया कि पत्नी और बेटी के घर नहीं लौटने से रविंद्र पिछले कुछ समय से परेशान रहने लगा था। इस दौरान उसका शराब का सेवन भी बढ़ गया था। सोमवार देर रात वह शराब के नशे में घर पहुंचा और अपने कमरे में चला गया। रात करीब एक बजे वह उठा और दूसरे कमरे में चला गया। आशंका है कि इसी दौरान उसने दुपट्टे के सहारे फंदा लगा लिया।
मंगलवार सुबह मां कुशमा घर की सफाई कर रही थीं। दूसरे कमरे में पहुंचने पर उनकी नजर रविंद्र पर पड़ी तो वह फंदे से लटका मिला। बेटे को इस हालत में देखकर उनकी चीख निकल गई। आवाज सुनकर परिवार के अन्य सदस्य मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने फॉरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल की जांच की। आवश्यक साक्ष्य जुटाने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बिधनू थाना प्रभारी तेज बहादुर सिंह ने बताया कि परिजनों से पूछताछ में युवक की पत्नी के करीब एक साल से मायके में रहने की जानकारी सामने आई है। इसी वजह से उसके परेशान रहने की बात कही गई है। मामले की जांच की जा रही है।---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

