home page

तिरंगा देश की आन-बान और शान, वीरों के बलिदान काे याद दिलाता है स्वतंत्रता दिवस : रवि बाजपेयी

 | 
तिरंगा देश की आन-बान और शान, वीरों के बलिदान काे याद दिलाता है स्वतंत्रता दिवस : रवि बाजपेयी


कानपुर, 14 अगस्त (हि.स.)। भारत हमारा देश है और देश की आन-बान-शान तिरंगा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में पूरा देश तिरंगामय हो गया है। स्वतंत्रता दिवस हमें वीर सपूतों के बलिदान और राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों की याद दिलाता है। यह बातें शुक्रवार को कल्याणपुर विधानसभा क्षेत्र में तिरंगा यात्रा के दौरान वरिष्ठ भाजपा नेता रवि बाजपेयी ने कहीं।

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आज कल्याणपुर विधानसभा क्षेत्र में वरिष्ठ भाजपा नेता रवि बाजपेयी के नेतृत्व में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। हाथों में तिरंगा लेकर लोगों ने भारत माता के जयकारे लगाए और राष्ट्रीय एकता व देशभक्ति का संदेश दिया।

यात्रा का शुभारंभ पनकी रोड स्थित वैदही गेस्ट हाउस के पास तिरंगे रंग के गुब्बारे उड़ाकर किया गया। इसके बाद यात्रा पनकी रोड, कल्याणपुर, जीटी रोड, एसपीएम मेट्रो स्टेशन, कानपुर विश्वविद्यालय, अवधपुरी, गुरुदेव चौराहा, गीतानगर, रावतपुर स्टेशन और गोल चौराहा समेत विभिन्न मार्गों से होकर गुजरी। रावतपुर स्टेशन के सामने तिराहे पर रानी लक्ष्मीबाई की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया।

यात्रा के दौरान जगह-जगह स्थानीय लोगों ने स्वागत किया। इसमें युवा, महिलाएं और क्षेत्रीय नागरिक शामिल रहे। तिरंगे झंडों और देशभक्ति के नारों से यात्रा मार्ग पर माहौल राष्ट्रभक्ति से सराबोर रहा।

यात्रा का समापन अशोक नगर स्थित दक्षिणेश्वर हनुमान मंदिर, कोकाकोला चौराहा के पास हुआ। इस दौरान लोगों ने राष्ट्र की एकता और अखंडता के प्रति एकजुटता जताते हुए देशभक्ति का संकल्प लिया।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप