home page

हरिद्वार–मोतीचूर रेलखंड पर वृक्ष गिरने से रेलमार्ग बाधित, वंदे भारत समेत कई ट्रेनें प्रभावित

 | 
हरिद्वार–मोतीचूर रेलखंड पर वृक्ष गिरने से रेलमार्ग बाधित, वंदे भारत समेत कई ट्रेनें प्रभावित


हरिद्वार–मोतीचूर रेलखंड पर वृक्ष गिरने से रेलमार्ग बाधित, वंदे भारत समेत कई ट्रेनें प्रभावित


मुरादाबाद, 30 मई (हि.स.)। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में शनिवार को भयंकर आंधी, तेज तूफान का असर मुरादाबाद रेल मंडल में भी दिखाई दिया। मंडल के हरिद्वार–मोतीचूर रेलखंड के मध्य किलोमीटर संख्या 30/11-12 पर अपराह्न लगभग 15:40 बजे एक वृक्ष ओवरहेड विद्युत तार (ओएचई) एवं रेल मार्ग पर गिर गया, जिससे रेल परिचालन अस्थायी रूप से प्रभावित हुआ।

उत्तर रेलवे के मुरादाबाद रेल मंडल में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव ने शनिवार को बताया कि आज घटना की सूचना मिलते ही मंडल रेल प्रबंधक विनीता श्रीवास्तव ने कंट्रोल रूम में मार्गदर्शन द्वारा मुरादाबाद मंडल के परिचालन, विद्युत एवं इंजीनियरिंग विभागों द्वारा त्वरित कार्रवाई प्रारंभ की गई। टावर वैगन को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया गया, जिसने शीघ्र ही मौके पर पहुंचकर मरम्मत कार्य आरंभ कर दिया। अधिकारियों एवं कर्मचारियों के समन्वित प्रयासों से क्षतिग्रस्त ओएचई को कम समय में दुरुस्त कर लिया गया।

रेलवे कर्मचारियों की तत्परता एवं कुशल कार्यप्रणाली के परिणामस्वरूप सायं 16:40 बजे रेल ट्रैक को सुरक्षित रूप से रेल संचालन हेतु फिट कर दिया गया तथा सायं 19.10 बजे ओएचई को भी फिट कर ट्रेनों का सामान्य परिचालन पुनः बहाल कर दिया गया।

सुरक्षा की दृष्टि से इस दौरान कुछ रेलगाड़ियों को अस्थायी रूप से नियंत्रित किया गया, जिनमें डाउन दिशा की गाड़ी संख्या 22546 देहरादून- लखनऊ वंदे भारत एक्सप्रेस सहित कुछ गाड़ियों को मार्ग में रोकना पड़ा तथा पुनर्निर्धारित समय द्वारा गाड़ियों का संचालन नियमित किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल