लापता युवती का ट्रैक पर मिला शव, अप्रैल माह में हाेनी थी शादी
फर्रुखाबाद, 09 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जनपद में कंपिल थाना क्षेत्र के एक गांव में एक युवती का शव सोमवार रेलवे ट्रैक पर
संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। मृतक युवती की अप्रैल माह में शादी थी, जिसकी घर में तैयारियां चल रही थीं। सूचना मिलने पर पुलिस और
आरपीएफ मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कंपिल थानाध्यक्ष नितिन चौधरी ने बताया कि कादरदादपुर सराय गांव निवासी संजीव श्रीवास्तव की पुत्री रेशमा (19) रविवार रात करीब 12 बजे घर से अचानक लापता हो गई थी। परिवार के लोगों ने उसे आसपास काफी तलाश किया, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। सोमवार को सोतेपुर गांव के पास रेलवे ट्रैक के किनारे ग्रामीणों ने एक युवती का शव पड़ा देखा। मृतक युवती की पहचान पिता संजीव श्रीवास्तव ने लापता बेटी रेशमा
के रुप में की।
थानाध्यक्ष ने बताया कि ट्रैक पर युवती के शव की जानकारी मिलते ही आरपीएफ चौकी उंचा के प्रभारी सुशील कुमार और थाना के दरोगा दिनेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल पर जांच की। पूछताछ में मृतक युवती के पिता संजीव श्रीवास्तव ने बताया कि मृतक बेटी रेशमा की शादी कासगंज जनपद के सिढ़पुरा क्षेत्र के सुल्तानपुर गांव में तय हुई थी। आने वाली 21 अप्रैल को शादी थी, जिसकी घर में तैयारियां चल रही थीं। रविवार को ही शादी की ‘पीली चिट्ठी’ तैयार कराई गई थी।
वहीं मृतका की मां सोनी का कहना है कि जिस जगह बेटी की शादी तय हुई थी, वाे उससे खुश नहीं थी। उसका अलीगंज क्षेत्र के एक युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था और वह अक्सर उससे फोन पर बातचीत करती थी। बीती रात इसी बात काे लेकर उसका पिता से कहासुनी हो गई थी। इसी से आहत होकर बेटी रेशमा रात 12 बजे घर से निकल गई। परिवार के लोगों को रात एक बजे उसके घर से गायब होने की जानकारी हुई। जिसके बाद उन्होंने आसपास काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। आज सुबह रेलवे ट्रैक के पास उसका शव मिलने की सूचना मिली।मां का यह भी कहना है कि बेटी के जाने के बाद से घर में रखे बक्से से करीब एक लाख रुपये नकद और सोने-चांदी के आभूषण भी गायब हैं।
कंपिल थानाध्यक्ष ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। साथ ही युवती के मोबाइल, कॉल डिटेल और अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। जांच और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar

