home page

देवरिया : जनपद के 53 उपनिरीक्षकों का तबादला

 | 
देवरिया : जनपद के 53 उपनिरीक्षकों का तबादला


देवरिया, 06 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर ने पुलिस विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। इस क्रम में जनपद के 53 उपनिरीक्षकों (दरोगाओं) का तबादला करते हुए उन्हें विभिन्न थानों, चौकियों और शाखाओं में नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। वहीं, कार्य में शिथिलता पाए जाने पर पांच उपनिरीक्षकों को लाइन हाजिर किया गया है।

जारी आदेश के अनुसार, सदर कोतवाली की गोपाल चौकी के प्रभारी अरुण सिंह को फील्ड यूनिट का प्रभारी बनाया गया है। पुलिस लाइन में तैनात लवकुश यादव को सदर कोतवाली भेजा गया है। जीत बहादुर यादव को श्रीरामपुर थाना, हेमचंद चतुर्वेदी को अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी के पेशी कार्यालय, शीशराम चौधरी को रुद्रपुर कोतवाली तथा अनिल कुमार तिवारी को बरियारपुर थाना में नई तैनाती मिली है।

महिला उपनिरीक्षक करिश्मा यादव को आशा ज्योति केंद्र का प्रभारी बनाया गया है। नितिन श्रीवास्तव को सलेमपुर कोतवाली की नवलपुर चौकी, अवनीश कुमार सिंह को सदर कोतवाली की गरुणपार चौकी, राहुल दुबे को भटनी थाना की घाटी चौकी तथा राहुल राव को लार थाना की खरबानिया चौकी का प्रभारी नियुक्त किया गया है। इसके अलावा धर्मेंद्र सिंह को रुद्रपुर कस्बा चौकी, अंकित यादव को महुआडीह चौकी और वीरेंद्र कुमार को बरियारपुर की करौली चौकी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

इसके अतिरिक्त कई अन्य उपनिरीक्षकों का तबादला गौरीबाजार, बरहज, खुखुंदू, लार, तरकुलवा, सुरौली, भाटपाररानी, बनकटा, खामपार समेत जनपद के विभिन्न थानों और चौकियों में किया गया है, ताकि पुलिस व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाया जा सके।

वहीं, कार्य में लापरवाही और शिथिलता के आरोप में पांच उपनिरीक्षकों को लाइन हाजिर किया गया है। इनमें प्रीतम भारती, सुभाष चंद्र यादव, महेंद्र यादव और मनोज कुमार उपाध्याय शामिल हैं। पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर ने कहा कि यह प्रशासनिक फेरबदल कानून-व्यवस्था को मजबूत करने, अपराध नियंत्रण में तेजी लाने तथा जनपद में प्रभावी पुलिसिंग सुनिश्चित करने के उद्देश्य से किया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक