home page

प्रशिक्षण महाअभियान से संगठन को मिलेगी मजबूती : अनिल दीक्षित

 | 
प्रशिक्षण महाअभियान से संगठन को मिलेगी मजबूती : अनिल दीक्षित


कानपुर, 24 मार्च (हि.स.)। पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान के माध्यम से कार्यकर्ताओं को संगठन की विचारधारा और कार्यशैली से और अधिक सशक्त बनाया जाएगा। निर्धारित समय में सभी मंडलों में प्रशिक्षण वर्ग आयोजित करना अनिवार्य है, जिससे संगठन और मजबूत हो सके। यह बातें मंगलवार को भाजपा कानपुर उत्तर के जिलाध्यक्ष अनिल दीक्षित ने कहीं।

भारतीय जनता पार्टी कानपुर उत्तर के जिला कार्यालय में मंगलवार को पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान 2026 की तैयारियों को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करते हुए जिम्मेदारियां भी तय की गईं।

बैठक का उद्देश्य सभी मंडलों में प्रशिक्षण वर्गों का सफल आयोजन सुनिश्चित करना रहा, जिससे कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक दक्षता और विचारधारा की गहन जानकारी मिल सके।

इस दौरान पदाधिकारियों को निर्देश दिए गए कि प्रशिक्षण कार्यक्रम को गंभीरता से लेते हुए समयबद्ध तरीके से सभी तैयारियां पूरी की जाएं। बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि प्रशिक्षण वर्गों के माध्यम से जमीनी स्तर पर संगठन को और अधिक मजबूत किया जाएगा।

बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाध्यक्ष अनिल दीक्षित ने कहा कि पांच अप्रैल से 15 अप्रैल तक कानपुर उत्तर जिले के सभी मंडलों में 24 घंटे के प्रशिक्षण वर्ग अनिवार्य रूप से आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण लेने वाले कार्यकर्ताओं को रात्रि प्रवास भी करना होगा, जिससे उन्हें संगठनात्मक अनुशासन और कार्यशैली का व्यावहारिक अनुभव मिल सके।

भाजपा जिला मीडिया प्रभारी अनुराग शर्मा ने बताया कि प्रदेश नेतृत्व के निर्देश पर जिलाध्यक्ष ने इस अभियान के लिए जिला उपाध्यक्ष जन्मेजय सिंह को संयोजक नियुक्त किया है। वहीं रोहित साहू, धीरज बाल्मीकि, सुरेंद्र गुप्ता, सुनीता गौड़ और मुनेंद्र राजपूत को सह संयोजक बनाया गया है।

बैठक में प्रमुख रूप से अभिनव दीक्षित, प्रमोद विश्वकर्मा, अवधेश सोनकर, शिवांग मिश्रा, सीमा, नवाब सिंह, पारस मदान, किरण तिवारी, प्रशांत त्रिपाठी, शालिनी कटियार और रामजी गुप्ता सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। इसके अलावा मंडल अध्यक्षों में योगेश पांडेय, शुभम दीक्षित, इंद्रजीत खन्ना और आशीष तिवारी भी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप