प्रशिक्षण शिविर कार्यकर्ताओं की रीढ़, सभी पूरी जिम्मेदारी से जुटें : भाजपा दक्षिण जिलाध्यक्ष
कानपुर, 30 अप्रैल (हि.स.)। प्रशिक्षण शिविर कार्यकर्ताओं की रीढ़ होते हैं, जहां संगठन की नीति, सिद्धांत और कार्यप्रणाली की स्पष्ट समझ विकसित होती है। ऐसे आयोजनों से कार्यकर्ताओं का वैचारिक, संगठनात्मक और बौद्धिक विकास निरंतर होता रहता है। यह बातें गुरुवार को भाजपा दक्षिण जिलाध्यक्ष शिवराम सिंह ने कही
उन्होंने कहा कि आगामी शिविर को सफल बनाने के लिए सभी को अभी से पूरी जिम्मेदारी के साथ तैयारी में जुटना होगा। अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं की सहभागिता सुनिश्चित करना हम सबकी जिम्मेदारी है। संगठन को मजबूत करने में ऐसे शिविरों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।
भारतीय जनता पार्टी कानपुर दक्षिण के जिला सभागार में आज आगामी नौ एवं दस मई को आयोजित होने वाले जिला प्रशिक्षण शिविर की तैयारी को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष शिवराम सिंह ने की।
बैठक में प्रशिक्षण शिविर की रूपरेखा, व्यवस्थाओं, विषयवार सत्रों, आवास, भोजन एवं अनुशासन से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई तथा जिम्मेदारियां निर्धारित की गईं।
जिलाध्यक्ष ने सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि शिविर को सफल बनाने के लिए पूरी तत्परता के साथ तैयारी सुनिश्चित की जाए और अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं की भागीदारी हो।
इस अवसर पर गणेश शुक्ला, जसविंदर सिंह, अर्जुन बेरिया, राजन चौहान, जितेंद्र सचान, संजीव बेरी, एल बी सिंह पटेल, बी एल पांडे, मधु तिवारी, सुषमा चौहान, हर जीवन सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

