home page

प्रशिक्षित कार्यकर्ता ही बनेगा भविष्य का नेता : अनूप गुप्ता

 | 
प्रशिक्षित कार्यकर्ता ही बनेगा भविष्य का नेता : अनूप गुप्ता


कानपुर, 04 अप्रैल (हि.स.)। “प्रशिक्षित कार्यकर्ता ही भविष्य में भारतीय जनता पार्टी का बड़ा नेता बनेगा और संगठन की मजबूती का आधार बनेगा।” पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान 2026 के तहत गोविंद नगर विधानसभा के चारों मंडलों के प्रशिक्षण वर्ग के उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए भाजपा के प्रदेश महामंत्री व कानपुर बुंदेलखंड क्षेत्र के प्रभारी अनूप गुप्ता ने यह बातें शनिवार को कहीं।

उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण का उद्देश्य केवल संगठनात्मक जानकारी देना नहीं, बल्कि कार्यकर्ताओं के आचार, विचार और व्यवहार में ऐसा परिवर्तन लाना है, जिससे समाज में भाजपा के एक अनुशासित सिपाही की स्पष्ट छवि दिखाई दे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे समाज के बीच जाकर पार्टी की नीतियों और विचारधारा को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करें।

भाजपा जिला मीडिया प्रभारी अनुराग शर्मा ने जानकारी दी कि केडी रिसोर्ट, मंधना में गोविंद नगर विधानसभा के चारों मंडलों लाजपत नगर, रामलाला, पनकी और रतनलाल नगर के अलग-अलग स्थानों पर 24 घंटे का प्रशिक्षण वर्ग शुरू हुआ है, जो रविवार दोपहर 2:30 बजे तक चलेगा।

इस प्रशिक्षण वर्ग में संगठनात्मक ढांचे, विचारधारा, कार्यशैली और जनसंपर्क के विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत चर्चा की जा रही है, जिससे कार्यकर्ताओं को जमीनी स्तर पर अधिक प्रभावी बनाया जा सके।

कार्यक्रम में क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल, जिला अध्यक्ष अनिल दीक्षित, विधायक सुरेंद्र मैथानी, मंडल अध्यक्ष दीपक शुक्ला, अजय राय, सुमित पावा, डॉ. विजय पटेल, सह मीडिया प्रभारी प्रशांत त्रिपाठी सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप