home page

फर्रुखाबाद : ट्रेन से कटकर शाहजहांपुर के युवक की मौत

 | 
फर्रुखाबाद : ट्रेन से कटकर शाहजहांपुर के युवक की मौत


फर्रुखाबाद, 03 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जनपद में फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत साेमवार काे कासगंज-लखनऊ पैसेंजर ट्रेन की चपेट में आने से 21 वर्षीय युवक की मौत हो गई। घटना के बाद करीब आधे घंटे तक ट्रेन ट्रैक पर खड़ी रही, जिससे रेल संचालन प्रभावित हुआ।

जानकारी के अनुसार, कासगंज-लखनऊ पैसेंजर ट्रेन फतेहगढ़ स्टेशन से रवाना होकर आगे बढ़ रही थी। जैसे ही ट्रेन मोहल्ला वनखड़िया के पास पहुंची, तभी एक युवक उसकी चपेट में आ गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी और फतेहगढ़ कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पटरी से हटवाकर ट्रैक को खाली कराया, जिसके बाद ट्रेन को आगे के लिए रवाना किया गया। घटनास्थल पर मिले एक टूटे मोबाइल फोन की मदद से पुलिस का मृतक युवक के परिजनों से संपर्क हाे सका।

थानाध्यक्ष फतेहगढ़ रामस्वरुप ने बताया कि मृतक की पहचान शाहजहांपुर जनपद के थाना जलालाबाद क्षेत्र के गांव तापर निवासी जतिन पाल (21) के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है। मामले में तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar