सिटी रेलवे ब्रिज के पास सड़क हादसे में स्कूटी सवार भाई की मौत, बहन घायल
जौनपुर,13 जून (हि.स.)। जिला जौनपुर में लाइन बाजार थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात हुए एक सड़क हादसे में स्कूटी सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि उसकी बहन घायल हो गईं। हादसा सिटी रेलवे ब्रिज के पास उस समय हुआ, जब किसी अज्ञात वाहन ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी।
पुलिस ने मृतक की पहचान ओमप्रकाश शर्मा (48) पुत्र रामाधार शर्मा, निवासी रसूलाबाद, शकरमंडी मंडी, थाना कोतवाली के रूप में हुई है। बहन प्रीति कश्यप, पत्नी रविंद्र कुमार, केराकत क्षेत्र के एक प्राथमिक विद्यालय में शिक्षिका हैं। उनका मूल निवास मछलीशहर क्षेत्र के सारनाथ गांव में है।
परिजनों के अनुसार, भाई-बहन किसी निजी कार्य से भदोही गए थे। शुक्रवार रात करीब 10 बजे दोनों स्कूटी से जौनपुर लौट रहे थे कि सिटी रेलवे ब्रिज शुरू होने से ठीक पहले पीछे से आए एक अज्ञात वाहन ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि ओमप्रकाश शर्मा सड़क पर गिर पड़े और उनकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि प्रीति कश्यप गंभीर रूप से घायल हो गईं।घटना की सूचना मिलते ही लाइन बाजार पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायल महिला को जिला अस्पताल भिजवाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनके दाहिने पैर में गंभीर चोट को देखते हुए बेहतर उपचार के लिए रेफर कर दिया।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। हादसे के बाद पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि टक्कर मारने वाले वाहन और उसके चालक की पहचान कर उसके खिलाफ कार्रवाई की जा सके।
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

