home page

सड़क सुरक्षा नियमों के उल्लंघन पर प्रशासन सख्त, मई में 97 लाख  का वसूला जुर्माना

 | 
सड़क सुरक्षा नियमों के उल्लंघन पर प्रशासन सख्त, मई में 97 लाख  का वसूला जुर्माना


हमीरपुर, 28 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण एवं सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा सड़क सुरक्षा नियमों के अनुपालन को लेकर विशेष अभियान चलाकर 97 लाख से ज्यादा रूपये का जुर्माना वसूला गया है!

जिलाधिकारी हमीरपुर अभिषेक गोयल ने सम्बंधित विभागों को निर्देशित किया है कि सड़क सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन कराया जाए तथा अवैध, बिना फिटनेस एवं ओवरलोड वाहनों के विरुद्ध सतत प्रवर्तन कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

परिवहन विभाग को सड़क पर खराब एवं परित्यक्त वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई करने, ट्रकों पर रिफ्लेक्टर अनिवार्य कराने तथा ड्राइविंग लाइसेंस एवं परमिट सम्बंधी प्रवर्तन कार्यों की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए गए हैं। सड़क सुरक्षा नियमों के प्रभावी अनुपालन हेतु माह मई में परिवहन विभाग द्वारा व्यापक प्रवर्तन अभियान चलाया गया।

अभियान के दौरान हेलमेट नियम उल्लंघन के 524, सीट बेल्ट के 119, मोबाइल फोन का प्रयोग करते हुए वाहन चलाने के 54, शराब पीकर वाहन चलाने के 5, ओवरस्पीड के 15, गलत दिशा में वाहन चलाने के 108, नो पार्किंग के 143, रिफ्लेक्टिव टेप संबंधी 20, बीमा संबंधी 11, फिटनेस संबंधी 12, नंबर प्लेट संबंधी 90 तथा ओवरलोडिंग के 153 मामलों में कार्रवाई की गई। अभियान के अंतर्गत माह मई में अब तक कुल 97.43 लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया है।

जिलाधिकारी ने बताया कि सड़क सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध आगे भी सख्त एवं नियमित कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने सम्बंधित विभागों को निर्देश दिए कि सड़क सुरक्षा के प्रति आमजन को जागरूक करने के लिए अभियान चलाए जाएं तथा दुर्घटना सम्भावित क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाए।

उन्होंने आम लोगों से अपील करते हुए कहा कि यातायात नियमों का पालन केवल कानूनी बाध्यता नहीं, बल्कि स्वयं एवं दूसरों के जीवन की सुरक्षा से जुड़ी जिम्मेदारी है। वाहन चलाते समय हेलमेट एवं सीट बेल्ट का प्रयोग अवश्य करें, निर्धारित गति सीमा का पालन करें तथा मोबाइल फोन का उपयोग करने से बचें। जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशासन और आमजन की सहभागिता से ही सड़क दुर्घटनाओं में प्रभावी कमी लाकर सुरक्षित एवं व्यवस्थित यातायात व्यवस्था स्थापित की जा सकती है।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा