home page

यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो के दौरान डाइवर्ट रहेगा यातायात रूट

 | 
यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो के दौरान डाइवर्ट रहेगा यातायात रूट


नोएडा, 22 सितंबर (हि.स.)। यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो के दौरान गौतमबुद्धनगर यातायात पुलिस ने शहर में यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए डायवर्जन प्लान जारी किया है। ट्रेड शो का आयोजन 25 से 29 सितंबर तक ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो मार्ट में होगा। विशिष्ट अतिथियों के आगमन के दौरान एक्सपो मार्ट-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे और आसपास के मार्गों पर यातायात दबाव बढ़ने की संभावना को देखते हुए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं।

डीसीपी ट्रैफिक अभय कुमार मिश्र ने बताया कि 24 सितंबर से 29 सितंबर तक आवश्यकतानुसार भारी, मध्यम और हल्के मालवाहक वाहनों के आवागमन को नियंत्रित किया जाएगा। वाहन चालकों से अपील की गई है कि वह निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करें।

उन्होंने बताया कि चिल्ला रेड लाइट से एक्सप्रेसवे होकर ग्रेटर नोएडा जाने वाले यातायात को सेक्टर-14ए फ्लाईओवर से गोलचक्कर सेक्टर-15 की ओर डायवर्ट किया जाएगा। डीएनडी से एक्सप्रेसवे होकर आने वाले वाहनों को रजनीगंधा चौक सेक्टर-16 की ओर भेजा जाएगा। इसी तरह कालिंदी बॉर्डर से एक्सप्रेसवे की ओर आने वाले यातायात को महामाया फ्लाईओवर से सेक्टर-37 की ओर डायवर्ट किया जाएगा। सेक्टर-37 से एक्सप्रेसवे होकर ग्रेटर नोएडा जाने वाले वाहनों को सेक्टर-44 गोलचक्कर से डबल सर्विस रोड की ओर भेजा जाएगा। आगरा की ओर से नोएडा आने वाले यातायात को जेवर टोल से कस्बा जेवर की ओर डायवर्ट कर सिकंदराबाद होते हुए गंतव्य तक भेजने की व्यवस्था की गई है। परीचौक से नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे की ओर जाने वाले वाहनों को सूरजपुर की ओर डायवर्ट किया जाएगा। सूरजपुर से परीचौक की ओर आने वाले वाहनों को एलजी गोलचक्कर से 130 मीटर रोड की ओर भेजा जाएगा। पी-3 गोलचक्कर से परीचौक होकर ग्रेटर नोएडा वेस्ट जाने वाले यातायात को पी-3 से स्वर्ण नगरी गोलचक्कर की ओर डायवर्ट किया जाएगा।

एक्सपो मार्ट में कार्यक्रम समाप्त होने के बाद वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों से बाहर निकलकर शारदा गोलचक्कर, एलजी गोलचक्कर, सूरजपुर और अन्य वैकल्पिक मार्गों से गंतव्य की ओर भेजा जाएगा। दिल्ली और गाजियाबाद की ओर जाने वाले वाहनों के लिए भी अलग-अलग वैकल्पिक मार्ग तय किए गए हैं। यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि असुविधा से बचने के लिए यात्रा की योजना पहले से बनाएं और वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करें। यातायात संबंधी समस्या होने पर हेल्पलाइन नंबर 9971009001 पर संपर्क किया जा सकता है।

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी