देवरिया में यातायात पुलिस का अभियान: 54 वाहनों का चालान, 2 वाहन सीज
देवरिया, 23 अप्रैल (हि.स.)। देवरिया जनपद में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए यातायात पुलिस ने सख्त अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर के निर्देशन में 23 अप्रैल 2026 को यह कार्रवाई की गई, जिसमें नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर कड़ी कार्रवाई हुई।
यातायात प्रभारी गुलाब सिंह के नेतृत्व में टीम ने शहर के भटवलिया, बस स्टैंड और कसया ओवरब्रिज सहित विभिन्न स्थानों पर चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान सड़क पर वाहन खड़ा कर सवारी भरने वाले बस, ऑटो और ई-रिक्शा चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई। साथ ही बिना ड्राइविंग लाइसेंस, बिना फिटनेस के चलने वाले वाहनों और नियमों का उल्लंघन करने वालों को भी नहीं बख्शा गया।
इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप, पुरवा क्षेत्र में भी विशेष अभियान चलाकर बिना हेलमेट वाहन चलाने और बाइक पर तीन सवारी बैठाकर चलने वालों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम (एमवी एक्ट) के तहत चालान और सीज की कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान कुल 54 वाहनों का ई-चालान किया गया, जबकि 2 वाहनों को सीज किया गया। पुलिस ने स्पष्ट किया कि इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
यातायात पुलिस के अनुसार इस अभियान का मुख्य उद्देश्य लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना, सड़क दुर्घटनाओं को कम करना और वाहन चालकों में अनुशासन स्थापित करना है। साथ ही यह संदेश भी दिया गया कि नियमों का उल्लंघन करने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

