home page

विशेष यातायात अभियान : दो दिन में 1,784 चालान, 41.66 लाख रुपये का शमन शुल्क अधिरोपित

 | 

झांसी, 29 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के झांसी में सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रभावी पालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से झांसी पुलिस द्वारा 27 एवं 28 जून 2026 को विशेष यातायात प्रवर्तन अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान विभिन्न यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करते हुए कुल 1,784 चालान किए गए तथा ₹41.66 लाख का शमन शुल्क अधिरोपित किया गया।

पुलिस अधीक्षक नगर प्रीति सिंह (नोडल अधिकारी यातायात) और क्षेत्राधिकारी यातायात की निगरानी में यातायात कार्यालय से गठित विशेष टीमों ने सभी प्रवर्तन अधिकारियों एवं कर्मचारियों को ब्रीफ करने के बाद शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों और चौराहों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान ओवरस्पीडिंग, नशे की हालत में वाहन चलाने, मॉडिफाइड साइलेंसर, प्रेशर हॉर्न, फॉल्टी नंबर प्लेट तथा बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की गई।

अभियान के दौरान 54 वाहन चालक नशे की हालत में वाहन चलाते पाए गए, जबकि 3 वाहनों में मॉडिफाइड साइलेंसर, 19 मामलों में प्रेशर हॉर्न, 66 वाहनों में फॉल्टी नंबर प्लेट, 186 वाहन चालक बिना हेलमेट और 832 वाहन ओवरस्पीडिंग करते हुए पकड़े गए। इसके अतिरिक्त अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन पर भी कार्रवाई करते हुए कुल 1,784 चालान किए गए।

झांसी पुलिस ने साेमवार काे जानकारी देते हुए कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए इस प्रकार के अभियान आगे भी जारी रहेंगे। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यातायात नियमों का पालन करें, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाएं, हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें तथा नशे की हालत में वाहन चलाने से बचें। पुलिस का कहना है कि यातायात नियमों का पालन कर प्रत्येक नागरिक स्वयं की और दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया