ट्रैक्टर पलटने से बालक की दर्दनाक मौत, चालक सहित 5 घायल
हमीरपुर, 17 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले के राठ कोतवाली क्षेत्र के नवैनी गांव में शुक्रवार को शिव रुद्राभिषेक के बाद हवन सामग्री विसर्जन के लिए जा रहा ट्रैक्टर ढलान पर अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे एक 9 वर्षीय बालक की मौत हो गई, जबकि उसकी मां समेत 5 लोग घायल हो गए। घटना के बाद गांव में कोहराम मच गया।
ग्राम नवैनी निवासी सुकरती के घर पर शिव रुद्राभिषेक का आयोजन किया गया था। कार्यक्रम के बाद हवन सामग्री को नदी में प्रवाहित करने के लिए शुक्रवार को ट्रैक्टर ट्रॉली में करीब तीन दर्जन लोग सवार होकर सरसैंडा माफ गांव स्थित ब्रह्मानंद बांध (मौदहा बांध) जा रहे थे। जैसे ही ट्रैक्टर सरसैंड़ा गांव की ढलान से नीचे उतरने लगा, चालक संतुलन खो बैठा और ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में ट्रैक्टर के नीचे दबकर 9 वर्षीय अहम पुत्र इंद्रेश गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके अलावा उसकी मां पूनम (35), बहन ईसान (5), ट्रैक्टर चालक छत्रपाल (45), दीप्ति (35) और ध्रुवराज भी घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल सरकारी अस्पताल राठ लाया गया, जहां चिकित्सकों ने अहम को मृत घोषित कर दिया।
वहीं गंभीर रूप से घायल पूनम और दीप्ति को प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज उरई रेफर कर दिया गया। हादसे के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया है। गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गनीमत रही कि ट्रॉली नहीं पलटी, क्योंकि उसमें करीब दो दर्जन महिलाएं सवार थीं, अन्यथा हादसा और भी भयावह हो सकता था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच में जुट गई है। कोतवाल अनूप सिंह ने बताया कि घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा

