home page

तम्बाकू पर प्रतिबन्ध लगाने के लिए डाॅ. सूर्यकान्त ने प्रधानमंत्री को लिखा पत्र

 | 
तम्बाकू पर प्रतिबन्ध लगाने के लिए डाॅ. सूर्यकान्त ने प्रधानमंत्री को लिखा पत्र


लखनऊ, 31 मई (हि.स.)। विश्व तम्बाकू निषेध दिवस प्रति वर्ष 31 मई को मनाया जाता है। इसकी शुरुआत विश्व स्वास्थ्य संगठन द्वारा वर्ष 1988 में की गई थी। इस वर्ष की थीम - ’’आकर्षण का पर्दाफाश- निकोटिन और तंबाकू की लत का मुकाबला करना।’’ है। इस दिवस को मनाने का मुख्य उद्देश्य लोगों को तम्बाकू सेवन से होने वाले स्वास्थ्य, सामाजिक, आर्थिक तथा पर्यावरणीय दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना। तम्बाकू के उपयोग को कम करने के लिए वैश्विक स्तर पर प्रयासों को बढ़ावा देना है।

केजीएमयू के रेस्पिरेटरी मेडिसिन विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. सूर्यकान्त ने विश्व तम्बाकू निषेध दिवस के अवसर पर एक पत्र लिख कर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से तम्बाकू पर पूर्ण प्रतिबन्ध लगाने की मांग की है। उल्लेखनीय है कि 2018 से लगातार “वर्ल्ड नो टोबैको डे“ पर डाॅ. सूर्यकान्त प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर तम्बाकू पर पूर्ण प्रतिबन्ध की मांग करते आ रहे हैं। प्रधानमंत्री के साथ-साथ उ.प्र. की राज्यपाल, आनन्दी बेन पटेल, उ.प्र. के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केन्द्रीय मंत्री स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग जे. पी. नड्डा, राज्यमंत्री स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के अनुप्रिया पटेल और प्रतापराव गणपतराव जाधव को भी उन्होंने पत्र भेजा है। डाॅ. सूर्यकान्त को आशा है कि उनके द्वारा भेजे गये पत्र पर देश के हित को ध्यान में रखते हुए तम्बाकू पर पूर्ण प्रतिबन्ध लगाया जायेगा, जिससे पर्यावरण और मानव जाति को इस से छुटकारा मिलेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन