home page

डेंगू से बचाव के लिए घरों में पानी जमा न होने दें, मच्छरों से बचाव के उपाय अपनाएं : डॉ. राजेश्वर सिंह

 | 
डेंगू से बचाव के लिए घरों में पानी जमा न होने दें, मच्छरों से बचाव के उपाय अपनाएं : डॉ. राजेश्वर सिंह


कानपुर, 11 सितंबर (हि.स.)। डेंगू और अन्य संचारी रोगों से बचाव के लिए लोगों को घरों और आसपास पानी जमा नहीं होने देना चाहिए। मच्छरों से बचाव के उपाय अपनाने के साथ शरीर को ढककर रखना जरूरी है। स्वास्थ्य विभाग की टीम लगातार बुखार सर्वेक्षण, जांच और लार्वा नष्ट करने की कार्रवाई कर रही है। यह बातें शुक्रवार को नोडल अधिकारी (वीबीडी) डॉ. राजेश्वर सिंह ने डेंगू रोकथाम को लेकर चलाए जा रहे अभियान के दौरान कहीं।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. हरि दत्त नेमी के निर्देश पर डॉ. राजेश्वर सिंह, जिला मलेरिया अधिकारी अरुण कुमार सिंह, मलेरिया निरीक्षक मन्जीत कुमार यादव, लैब टेक्नीशियन गणेश चन्द्र शंखवार, पाथ के रीजनल कोऑर्डिनेटर डॉ. शिवकांत और जनपदीय टीम ने बिधनू के ग्राम भारू तथा पतारा के ग्राम रंजीतपुर में बुखार सर्वेक्षण, जांच, सोर्स रिडक्शन और अन्य निरोधात्मक गतिविधियों का निरीक्षण किया।

ग्राम भारू में लार्वीसाइडल स्प्रे, इंडोर स्पेस स्प्रे, बुखार सर्वेक्षण और जनजागरूकता अभियान चलाया गया। टीम ने बाढ़ प्रभावित मेहरबान सिंह का पुरवा और तात्या टोपे नगर का भी निरीक्षण किया। यहां प्रतिदिन स्वास्थ्य शिविर लगाने, सोर्स रिडक्शन कराने और शाम के समय फॉगिंग कराने के निर्देश दिए गए। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लोगों को ओआरएस के पैकेट और क्लोरीन की गोलियां वितरित की गईं। पांडु नगर, ग्वालटोली, चौबेपुर, आजाद नगर और बिधनू से डेंगू के मामले सामने आने के बाद संबंधित क्षेत्रों में भी निरोधात्मक कार्रवाई कराई गई। विभिन्न क्षेत्रों में 942 घरों का सर्वेक्षण किया गया। इनमें 23 घरों में लार्वा मिला, जबकि 30 घरों में लार्वा नष्ट कराया गया।

--------------------

रंजीतपुर, भारू और मेहरबान सिंह का पुरवा में स्वास्थ्य शिविर लगाकर 111 मरीजों की जांच की गई। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने लोगों को डेंगू से बचाव के लिए सावधानी बरतने और आसपास सफाई रखने के प्रति जागरूक किया।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप