देवरिया रिजर्व पुलिस लाइंस के परेड ग्राउंड में 26 अप्रैल को आयोजित
देवरिया, 24 अप्रैल (हि.स.)। रिजर्व पुलिस लाइंस के परेड ग्राउंड में आगामी 26 अप्रैल को आयोजित होने वाली पासिंग आउट परेड (दीक्षांत परेड) की तैयारियों के तहत आज रिहर्सल परेड का आयोजन किया गया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर ने स्वयं उपस्थित होकर रिहर्सल का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने टोलीवार मार्च पास्ट का अवलोकन किया और रिक्रूट महिला आरक्षियों के उत्कृष्ट टर्नआउट तथा कदमताल के समन्वय की सराहना करते हुए इसे उच्च स्तरीय प्रशिक्षण का परिणाम बताया।
रिहर्सल के दौरान महिला आरक्षियों को देश की एकता, अखंडता और संविधान के प्रति निष्ठा की शपथ दिलाई गई, ताकि मुख्य समारोह में सभी प्रोटोकॉल का पूर्ण पालन सुनिश्चित किया जा सके।
निरीक्षण के उपरांत संबोधन में पुलिस अधीक्षक ने कहा कि प्रशिक्षण के दौरान सीखे गए आत्मरक्षा कौशल, कानून की जानकारी और अनुशासन को अब व्यवहारिक रूप में लागू करने का समय आ गया है।
उन्होंने यह भी कहा कि महिला आरक्षियों का यह बैच न केवल पुलिस बल को सशक्त करेगा, बल्कि मिशन शक्ति जैसे अभियानों को और अधिक प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। साथ ही रिक्रूट्स को पीड़ित केंद्रित पुलिसिंग अपनाने के लिए प्रेरित किया गया, ताकि प्रत्येक फरियादी की समस्या का संवेदनशीलता के साथ समाधान किया जा सके।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इस बैच को आधुनिक तकनीकों और साइबर अपराधों से निपटने के लिए विशेष प्रशिक्षण दिया गया है, जिससे वे डिजिटल युग की चुनौतियों का सामना बेहतर ढंग से कर सकें।
मुख्य पासिंग आउट परेड के सफल आयोजन को लेकर उन्होंने सजावट, सुरक्षा और अतिथियों की व्यवस्था से संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से सभी तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) आनंद कुमार पांडेय, अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) सुनील कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी लाइन्स मनोज कुमार, क्षेत्राधिकारी नगर संजय कुमार रेड्डी, क्षेत्राधिकारी आरटीसी दीपशिखा वर्मा, क्षेत्राधिकारी भाटपार रानी अंशुमन श्रीवास्तव, क्षेत्राधिकारी बरहज राजेश चतुर्वेदी सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

