home page

तिरंगा यात्रा जन-जन का अभियान बने, शेष मंडलों में बुधवार काे भव्य आयोजन करें : राम किशोर साहू

 | 
तिरंगा यात्रा जन-जन का अभियान बने, शेष मंडलों में बुधवार काे भव्य आयोजन करें : राम किशोर साहू


कानपुर, 11 अगस्त (हि.स.)। तिरंगा यात्रा केवल संगठन का कार्यक्रम न होकर जन-जन का अभियान बने और शेष मंडलों में अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता के साथ भव्य आयोजन किए जाएं। यह बातें मंगलवार को भाजपा कानपुर बुंदेलखंड क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष राम किशोर साहू ने क्षेत्रीय कार्यालय में तिरंगा यात्रा एवं हर घर तिरंगा अभियान की समीक्षा बैठक के दौरान कहीं।

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर चलाए जा रहे मंडल तिरंगा यात्रा और हर घर तिरंगा अभियान की प्रगति को लेकर क्षेत्रीय कार्यालय में बैठक हुई। दोपहर तीन बजे हुई बैठक में अभियान से जुड़ी क्षेत्रीय टोली के पदाधिकारियों ने अब तक हुए आयोजनों की जानकारी क्षेत्रीय अध्यक्ष को दी।

बैठक में बताया गया कि कानपुर बुंदेलखंड क्षेत्र के 254 मंडलों में से 118 मंडलों में तिरंगा यात्राएं पूरी हो चुकी हैं। शेष मंडलों में यात्रा के आयोजन को लेकर तैयारियों की समीक्षा की गई।

राम किशोर साहू ने निर्देश दिए कि शेष मंडलों में बुधवार को भव्य तिरंगा यात्राएं आयोजित की जाएं। उन्होंने कहा कि इनमें आम नागरिकों, युवाओं, महिलाओं, विद्यार्थियों और अन्य वर्गों की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित की जाए। कार्यकर्ता समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचकर लोगों को अभियान से जोड़ें।

उन्होंने कहा कि तिरंगा देश की एकता, अखंडता, गौरव और स्वाभिमान का प्रतीक है। स्वतंत्रता दिवस के राष्ट्रीय पर्व को व्यापक जनभागीदारी के साथ मनाने के लिए कार्यकर्ता घर-घर संपर्क करें और लोगों को अपने घरों पर राष्ट्रध्वज फहराने के लिए प्रेरित करें।

बैठक में संत शिरोमणि रविदास जी की रज संकल्प यात्रा की भी समीक्षा की गई। क्षेत्रीय अध्यक्ष ने निर्देश दिया कि यात्रा को प्रत्येक बूथ और सामाजिक बस्तियों तक पहुंचाया जाए। उन्होंने कहा कि संत रविदास के विचार सामाजिक समरसता, समानता और मानव कल्याण का संदेश देते हैं। इन विचारों को समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंचाने की दिशा में कार्यकर्ता सक्रिय भूमिका निभाएं।

बैठक के बाद राम किशोर साहू ने भाजपा क्षेत्रीय कार्यालय परिसर में राष्ट्रीय ध्वज फहराकर हर घर तिरंगा अभियान का शुभारंभ किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अभियान को बूथ स्तर तक ले जाने और प्रत्येक घर की सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता अपने-अपने बूथों पर घर-घर संपर्क कर लोगों को तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान देश के प्रति सम्मान और राष्ट्रभक्ति की सामूहिक अभिव्यक्ति है। प्रत्येक घर पर तिरंगा फहराने से पूरे कानपुर बुंदेलखंड क्षेत्र में राष्ट्रीय भावना को मजबूती मिलेगी।

बैठक में आनंद सिंह, अशोक राजपूत, पूनम द्विवेदी, पवन प्रताप सिंह, सुनील तिवारी, क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी अनूप अवस्थी, जिला अध्यक्ष शिवराम सिंह सहित क्षेत्रीय टोली के पदाधिकारी और अभियान से जुड़े कार्यकर्ता मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप