home page

विशाल तिरंगा पद यात्रा में उमड़ा जनसैलाब, 25 हजार से अधिक लोगों ने लिया हिस्सा

 | 
विशाल तिरंगा पद यात्रा में उमड़ा जनसैलाब, 25 हजार से अधिक लोगों ने लिया हिस्सा


बांदा, 13 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी के नेतृत्व में गुरुवार को बांदा सदर विधानसभा क्षेत्र में विशाल तिरंगा पद यात्रा का आयोजन किया गया। पद यात्रा में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से 25 हजार से अधिक लोगों ने हिस्सा लेकर तिरंगे के प्रति सम्मान और देशभक्ति की भावना का प्रदर्शन किया। उमस भरी गर्मी के बावजूद पद यात्रा में लोगों का उत्साह देखते ही बना।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधान परिषद सदस्य एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष, युवा मोर्चा प्रान्सू दत्त द्विवेदी मौजूद रहे। पद यात्रा की अध्यक्षता क्षेत्रीय अध्यक्ष रामकिशोर साहू ने की, जबकि जिला संयोजक की जिम्मेदारी भाजपा जिला उपाध्यक्ष राजभवन उपाध्याय ने संभाली।

पद यात्रा में शिक्षक, अधिवक्ता, चिकित्सक, व्यापारी, कवि, सामाजिक कार्यकर्ताओं सहित समाज के विभिन्न वर्गों के लोग बड़ी संख्या में शामिल हुए। हाथों में तिरंगा और जुबां पर ‘भारत माता की जय’ के गगनभेदी उद्घोष के साथ पद यात्रा आगे बढ़ती रही।

पद यात्रा के मार्ग में जगह-जगह व्यापारियों और सामाजिक संगठनों की ओर से स्वागत स्टॉल लगाए गए। विभिन्न स्थानों पर पुष्पवर्षा और माल्यार्पण के साथ पद यात्रा में शामिल लोगों का स्वागत किया गया। कई स्थानों पर शीतल पेय पदार्थों का वितरण भी किया गया।

जिला उद्योग व्यापार मंडल ने बाबूलाल चौराहे पर विशेष स्टॉल लगाकर तिरंगा पद यात्रा का भव्य स्वागत किया। इस दौरान सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी का माल्यार्पण कर सम्मान किया गया।

कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष कल्लू सिंह राजपूत, नरैनी विधायक ओममणी वर्मा, नगर पालिका चेयरमैन मालती गुप्ता बासू, पूर्व सांसद आर.के. सिंह पटेल, पूर्व विधायक राजकरन कबीर, अजय पटेल, ब्लॉक प्रमुख स्वर्ण सिंह सोनू, जिला महामंत्री निखिल सक्सेना, जिला महामंत्री ममता मिश्रा, पंकज रैकवार, देशराज सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष संतोष गुप्ता, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष जगराम सिंह चौहान, व्यापार मंडल अध्यक्ष सत्यप्रकाश सर्राफ, अभय प्रताप सिंह और बालमुकुन्द शुक्ला सहित विधानसभा क्षेत्र के भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह