home page

थ्रेसर में फंसकर युवक की दर्दनाक मौत, अंतिम संस्कार में शामिल हुए सपा नेता

 | 
थ्रेसर में फंसकर युवक की दर्दनाक मौत, अंतिम संस्कार में शामिल हुए सपा नेता


प्रयागराज, 08 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित बहरिया थाना क्षेत्र के मिझिउवरा (करनाईपुर) निवासी सुमित कुमार (19) पुत्र राजकुमार की गेहूं की मड़ाई के दौरान थ्रेसर में फंसकर हुई दर्दनाक मौत के बाद बुधवार काे उनका अंतिम संस्कार दारागंज स्थित विद्युत शवदाह गृह में किया गया।

मंगलवार को गांव में मड़ाई के दौरान हुए इस हादसे से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। घटना में सुमित की मौके पर ही मौत हो गई थी, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।

अंतिम संस्कार के दौरान समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष अनिल यादव, एमएलसी डॉ. मानसिंह यादव, विधायक गीता शास्त्री, प्रवक्ता दान बहादुर मधुर सहित तारिक सईद अज्जू, खिन्नी लाल पासी, बच्चा यादव, राम अवध पाल और अरविन्द केसरवानी समेत बड़ी संख्या में पार्टी के नेता व पदाधिकारी मौजूद रहे।

सपा नेताओं ने मृतक के पिता, माता, भाई विभव और बहन महिमा से मिलकर गहरा शोक व्यक्त किया और उन्हें ढांढस बंधाया। नेताओं ने कहा कि इस कठिन समय में पार्टी परिवार के साथ खड़ी है और हर संभव मदद का आश्वासन दिया।

इस हृदयविदारक घटना ने एक बार फिर ग्रामीण क्षेत्रों में कृषि कार्य के दौरान सुरक्षा उपायों की आवश्यकता को उजागर किया है।

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल